भारत और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के पूर्व कप्तान विराट कोहली का बुरा दौर जारी है। कोहली लगातार दूसरे मैच में पहली ही गेंद पर आउट हो गए। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ शनिवार (23 अप्रैल) को आरसीबी का यह दिग्गज बल्लेबाज शून्य पर आउट हो गया। मार्को यानसेन ने उन्हें पहली ही गेंद पर स्लिप में एडेन मार्कराम को कैच थमा दिया। विराट आईपीएल इतिहास में पहली बार लगातार दो मैचों में पहली गेंद पर आउट हुए हैं।
कोहली कैसे आउट हुए?
सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान केन विलियमसन ने दूसरे ओवर में गेंदबाजी के लिए दक्षिण अफ्रीका के मार्को यानसेन को बुलाया। यानसेन ने पहली गेंद पर आरसीबी के कप्तान फाफ डुप्लेसिस को क्लीन बोल्ड कर दिया। डुप्लेसिस के बाद कोहली क्रीज पर उतरे। विलियमसन ने विराट के लिए फील्ड में बदलाव किया। उन्होंने दूसरे स्लिप पर भी खिलाड़ी को बुला लिया। दक्षिण अफ्रीका के बेहतरीन फील्डर एडेन मार्कराम दूसरे स्लिप पर खड़े हुए।
यानसेन ने आगे की ओर गेंद पटका। गेंद स्विंग होकर बाहर की ओर जा रही थी। कोहली ड्राइव करने से खुद को नहीं रोक सके और गेंद बल्ले के बाहरी किनारे से लगकर दूसरे स्लिप में मार्कराम के पास चली गई। विराट इस तरह कई बार आउट हो चुके हैं। उनकी कमजोरी का फायदा उनके खास दोस्त कहे जाने वाले सनराइजर्स के कप्तान विलियमसन ने उठाया।
कोहली पांचवीं बार गोल्डन डक का शिकर
कोहली आईपीएल में पांचवीं बार गोल्डन डक (पहली गेंद पर आउट) का शिकार हुए हैं। आईपीएल करियर में कुल आठवीं बार विराट खाता नहीं खोल सके हैं। उन्होंने इस मामले में शेन वॉर्न, उमेश यादव, स्टुअर्ट बिन्नी, नीतीश राणा, एडम गिलक्रिस्ट, वीरेंद्र सहवाग, शेन वॉटसन और रॉबिन उथप्पा को पीछे छोड़ा।
कोहली ने आठ बार शून्य पर आउट होने के मामले में सुरेश रैना, रवींद्र जडेजा, डेविड वॉर्नर, क्रिस गेल, संजू सैमसन, नमन ओझा, ड्वेन स्मिथ, एरॉन फिंच, मनोज तिवारी और राहुल शर्मा की बराबरी कर ली। आईपीएल सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने का रिकॉर्ड मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा के नाम दर्ज है। रोहित 14 बार खाता नहीं खोल पाए।
पांचवीं बार कोहली पहली ही गेंद पर आउट
| साल |
खिलाफ |
जगह |
गेंदबाज |
| 2008 |
मुंबई इंडियंस |
बेंगलुरु |
आशीष नेहरा |
| 2014 |
पंजाब किंग्स |
बेंगलुरु |
संदीप शर्मा |
| 2017 |
कोलकाता नाइटराइडर्स |
कोलकाता |
नाथन कूल्टर नाइल |
| 2022 |
लखनऊ सुपर जाएंट्स |
मुंबई |
दुष्मंथा चमीरा |
| 2022 |
सनराइजर्स हैदराबाद |
मुंबई |
मार्को यानसेन |