मुंबई इंडियंस ने सीजन की पहली जीत राजस्थान रॉयल्स के खिलाफा हासिल की। इस जीत से मुंबई को राहत की सांस जरूर मिली होगी। वहीं, राजस्थान की टीम के लिए यह नौ मैचों में तीसरी हार रही। इस हार से निराश रविचंद्रन अश्विन ने हार के वजहों का खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि यदि ओस अहम भूमिका नहीं निभाती तो 159 का लक्ष्य पर्याप्त था।
राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ के सामने 159 रन का लक्ष्य रखा था। जिसे मुंबई की टीम ने 19.2 ओवर में हासिल कर लिया। सूर्यकुमार यादव ने 51 रन और तिलक वर्मा ने 35 रन बनाए। अश्विन ने मैच के बाद कहा- मुझे लगता है कि मैच में ओस ने अहम भूमिका निभाई। यदि ऐसा न होता तो जो लक्ष्य हमने दिया था, वह पर्याप्त होता।
मैच के बाद अश्विन ने कहा- 158 एक अच्छा स्कोर था। हमारी शुरुआत अच्छी रही थी। हमने पावरप्ले में अच्छा प्रदर्शन किया था और उनकी तुलना में एक विकेट ज्यादा लिया था। इसलिए यह चुनौतीपूर्ण स्कोर था। हमने इस सीजन में जो भी स्कोर बनाया, उसको डिफेंड किया है। हार मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है, लेकिन ओस ने अहम भूमिका निभाई।
अश्विन ने कहा- गेंद ओवरपिच हो रही थी और स्पिनरों का उपयोग आखिर में नहीं किया जा सकता था। जब ओस प्रभाव डालती है तो स्कोर डिफेंड करना मुश्किल हो जाता है। हमने अच्छा स्कोर बनाया थ। यदि 10 से 15 रन अधिक होता तो हम स्कोर डिफेंड कर सकते थे। हालांकि, एक सीजन में कभी-कभी ऐसा हो जाता है।
राजस्थान ने मुंबई को पावरप्ले में ज्यादा रन नहीं बनाने दिए और दो विकेट भी लिया। हालांकि, डैरिल मिशेल ने सातवें ओवर में 20 रन लुटा दिए। अश्विन ने कहा- पिछले मैच में भी मिशेल ने सातवें ओवर में गेंदबाजी की थी। वह हमारी प्लानिंग का हिस्सा हैं, लेकिन कभी-कभी प्लान कामयाब नहीं होते।
मुंबई ने सूर्यकुमार को तीसरे नंबर पर उतारा और इसका उन्हें फायदा मिला। सूर्यकुमार ने कहा- मैं कभी निजी उपलब्धियों का जश्न नहीं मनाता, लेकिन यदि उनसे टीम को मदद मिलती है तो मुझे बहुत खुशी होगी। जीत से सकारात्मक माहौल बनता है। मुंबई को अगला मैच छह मई को गुजरात के खिलाफ खेलना है। वहीं, राजस्थान की टीम दो मई को कोलकाता नाइट राइडर्स से भिड़ेगी।