महेंद्र सिंह धोनी और ड्वेन ब्रावो
- फोटो : IPL/BCCI
महेंद्र सिंह धोनी की टीम चेन्नई सुपरकिंग्स ने रविवार (नौ मई) को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शानदार जीत हासिल की। मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में चेन्नई ने 91 रनों की बड़ी जीत हासिल की। इस मैच के दौरान धोनी की टीम मैदान पर पूरी तरह छाई रही। खुद कप्तान ने खिलाड़ियों के साथ मजाक करने का कोई भी मौका नहीं गंवाया।
दिल्ली कैपिटल्स की पारी के 17वें ओवर में चेन्नई के महेश तीक्षणा गेंदबाजी कर रहे थे। उनकी गेंद पर एनरिच नोर्त्जे ने कवर की ओर जोर से मारा। वहां पर ड्वेन ब्रावो खड़े थे। उन्होंने गेंद को रोक लिया। इस पर धोनी ने उनकी फील्डिंग की तारीफ की। चेन्नई के कप्तान ने स्टंप के पीछे से कहा, 'वेलडन ओल्ड मैन।' उनकी आवाज स्टंप माइक में कैद हो गई।
धोनी विकेटकीपिंग के दौरान स्टंप के पीछे से कई बार कमेंट करते रहते हैं। उनके कमेंट मजेदार होते और तुरंत ही वायरल हो जाते हैं। वहीं, 38 साल के ब्रावो ने बल्लेबाजी के दौरान आखिरी ओवर में धोनी से हुई बातचीत का खुलासा किया। ब्रावो ने कहा, "वह हैट्रिक बॉल थी। मैं किसी भी तरह उन्हें (धोनी) स्ट्राइक देना चाहता था। इसके बाद मैंने उन्हें बाउंड्री लगाने के लिए कहा। दो रन लेने के लिए मना किया।''
हालांकि, धोनी ने उनकी बात नहीं सुनी। उन्होंने आखिरी दो गेंदों पर लगातार दो रन दौड़कर बनाए। पारी समाप्त होने के बाद ब्रावो ने धोनी से कहा, ''एमएस, अगली बार से जब तीन गेंद बची हो तो किसी और को दौड़ने के लिए भेजना, क्योंकि मुझे अपनी हैमस्ट्रिंग को ठीक रखनी है।'' चेन्नई ने दिल्ली को हराकर चौथी जीत हासिल की। प्लेऑफ में पहुंचने की उसकी उम्मीदें कायम हैं।
जीत के बाद ब्रावो ने ऋतुराज गायकवाड़, डेवोन कॉनवे और गेंदबाजों की तारीफ की। उन्होंने कहा, ''मेरा मानना है कि टीम ने एकजुट होकर पेशेवर रवैया दिखाया। इसकी शुरुआत ऋतुराज और कॉनवे ने की। उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से मैच को बनाया। इसके बाद हमने गेंद से बेहतर प्रदर्शन कर मैच का अंत किया। हमें आगे के सभी मैचों में इसी तरह के रवैये की आवश्यकता है।"