आईपीएल में इस साल 10 टीमें खेलती दिखाई देंगी। लखनऊ सुपर जाएंट्स और गुजरात टाइटंस दो नई टीमें हैं। गुजरात ने तो अपनी जर्सी लॉन्च कर दी है। वहीं, लखनऊ ने मंगलवार को अपनी जर्सी और टीम सॉन्ग लॉन्च किया।
इस गाने को रैपर बादशाह ने गाया है। गाने का नाम है- 'पूरी तैयारी है...अब अपनी बारी है'। इस गाने में रैपर बादशाह के अलावा लखनऊ सुपर जाएंट्स के मालिक संजीव गोयनका और टीम के कप्तान केएल राहुल भी मौजूद हैं।
फैन्स को लखनऊ की जर्सी का अंदाजा प्रैक्टिस सेशन के दौरान ही लग गया था। प्रैक्टिस के दौरान खिलाड़ियों द्वारा पहनी गई जर्सी से अंदाजा हो गया था कि लखनऊ की जर्सी का रंग सभी टीमों से काफी अलग रहने वाला है। लखनऊ सुपर जाएंट्स को अपना पहला मुकाबला 28 मार्च को गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेलना है।