कोलकाता ने राजस्थान के खिलाफ एरॉन फिंच के साथ बाब इंद्रजीत को ओपनिंग करने के लिए भेजा। टीम ने सीजन में पांचवीं बार ओपनिंग जोड़ी में बदलाव किया है। टीम के अंक तालिका में नीचे रहने का एक कारण यह भी है। उसके शीर्ष क्रम के बल्लेबाज चले ही नहीं।
कोलकाता नाइटराइडर्स ने आखिरकार अपने हार के क्रम को तोड़ दिया है। लगातार पांच मैच हारने वाली कोलकाता की टीम ने राजस्थान रॉयल्स को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में सोमवार (दो मई) को हरा दिया। राजस्थान ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 152 रन बनाए। जवाब में कोलकाता ने 19.1 ओवर में तीन विकेट पर 158 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। शाहरुख खान की टीम ने भले ही मैच अपने नाम कर लिया, लेकिन उसकी चिंताएं कम नहीं हुई हैं।
विज्ञापन
कोलकाता ने राजस्थान के खिलाफ एरॉन फिंच के साथ बाब इंद्रजीत को ओपनिंग करने के लिए भेजा। टीम ने सीजन में पांचवीं बार ओपनिंग जोड़ी में बदलाव किया है। टीम के अंक तालिका में नीचे रहने का एक कारण यह भी है। उसके शीर्ष क्रम के बल्लेबाज चले ही नहीं। उनके प्रदर्शन में निरंतरता की कमी दिखी। कोलकाता ने ओपनिंग में तो बदलाव किया, लेकिन अपनी किस्मत नहीं बदल सके। एक बार फिर दोनों ओपनर्स फेल रहे।
दूसरी ओर, राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन की गलतियों के कारण टीम को हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने काफी देर तक बल्लेबाजी की, लेकिन तेजी से रन नहीं बना सके। वहीं, इन-फॉर्म बल्लेबाज शिमरॉन हेटमायर की जगह रियान पराग को पहले भेजकर भारी भूल कर दी। पराग 12 गेंद पर 19 रन ही बना सके। वहीं, उनसे नीचे उतरने वाले हेटमायर ने 13 गेंद पर नाबाद 27 रन बना दिए। अगर उन्हें ज्यादा खेलने का मौका मिलता तो टीम का स्कोर कुछ और हो सकता था।
विज्ञापन
कोलकाता की जीत के हीरो नीतीश राणा और रिंकू सिंह
- फोटो : IPL/BCCI
इस सीजन में कोलकाता के ओपनर्स
ओपनर्स
मैच
वेंकटेश अय्यर-अजिंक्य रहाणे
5
एरॉन फिंच-वेंकटेश अय्यर
2
एरॉन फिंच-सुनील नरेन
1
सैम बिलिंग्स-सुनील नरेन
1
एरॉन फिंच-बाबा इंद्रजीत
1
मैच में टर्निंग पॉइंट
शिवम मावी का कैच: राजस्थान ने आठ ओवर में एक विकेट पर 49 रन बना लिए थे। इस सीजन में खतरनाक बल्लेबाजी करने वाले जोस बटलर क्रीज पर थे। नौवें ओवर में कोलकाता के कप्तान श्रेयस अय्यर ने गेंदबाजी के लिए टिम साउदी को बुलाया। साउदी की दूसरी गेंद पर बटलर ने चौका मारकर अपनी मंशा जाहिर कर दी। तीसरी गेंद शॉर्ट थी, जिसे बटलर बाउंड्री के बाहर भेजना चाहते थे। एक बार तो ऐसा लगा कि गेंद बाहर चली जाएगी, लेकिन शिवम मावी बीच में आ गए। उन्होंने दाईं ओर दौड़ लगाकर एक असंभव लगने वाले कैच को लिया। इस कैच ने मैच को पलट दिया। राजस्थान की टीम बड़े स्कोर तक नहीं पहुंच सकी।
संजू सैमसन और श्रेयस अय्यर
- फोटो : IPL/BCCI
दोनों कप्तानों का प्रदर्शन
बल्लेबाजी में संजू सैमसन ने एक और अर्धशतक लगाया। उन्होंने 49 गेंद पर 54 रन बनाए। इस दौरान सात चौके और एक छक्का लगाया। सैमसन ने अर्धशतक तो लगाया, लेकिन उनकी पारी धीमी थी। इसका खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा। उनके कुछ फैसले भी हैरान करने वाले थे। हेटमायर से पहले रियान पराग को बल्लेबाजी के भेज दिया। विकेट लेने के लिए किसी पार्टटाइम गेंदबाज का इस्तेमाल नहीं किया।
दूसरी ओर, श्रेयस अय्यर ने 32 गेंदों पर 34 रन की उपयोगी पारी खेली। सैमसन की तरह उन्होंने भी धीमी बल्लेबाजी की। हालांकि, कप्तानी में इस मैच में अय्यर आगे रहे। उन्होंने गेंदबाजों को सही से रोटेट किया और खिलाड़ियों को फील्ड में सही जगह सेट किया।
संजू सैमसन ने अर्धशतक लगाया
- फोटो : IPL/BCCI
राजस्थान के लिए मैच में क्या-क्या हुआ?
सकारात्मक पक्ष: बल्लेबाजी में संजू सैमसन ने अर्धशतक लगाया। शिमरॉन हेटमायर ने एक बार फिर से तेजी से रन बनाए और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। गेंदबाजी में ट्रेंट बोल्ट ने प्रभावित किया और चार ओवर में 25 रन देकर एक विकेट अपने नाम किया। चहल ने चार ओवर में सिर्फ 31 रन दिए।
नकारात्मक पक्ष: इन-फॉर्म बल्लेबाज जोस बटलर का बल्ला नहीं चला। उन्होंने 25 गेंद पर 22 रन की धीमी पारी खेली। देवदत्त पडिक्कल की बल्लेबाजी में निरंतरता की कमी साफ तौर पर देखी जा सकती है। इस मैच में पांच गेंद पर सिर्फ दो रन बना सके। सैमसन ने अर्धशतक लगाया, लेकिन धीमी पारी खेली। करुण नायर और रियान पराग ने मौके का फायदा नहीं उठाया। दोनों अच्छी शुरुआत के बाद विकेट फेंककर चले गए। गेंदबाजी में प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप सेन और रविचंद्रन अश्विन महंगे साबित हुए।
कोलकाता के लिए मैच में क्या-क्या हुआ?
सकारात्मक पक्ष: गेंदबाजी में सभी ने प्रभावित किया और राजस्थान के बल्लेबाजों को बांधे रखा। उमेश यादव, अनुकूल रॉय, शिवम मावी और टिम साउदी को सफलता मिली। सुनील नरेन विकेट नहीं ले सके, लेकिन चार ओवर में सिर्फ 19 रन दिए। दूसरी ओर, बल्लेबाजी में कप्तान अय्यर ने उपयोगी पारी खेली। नीतीश राणा और रिंकू सिंह ने चौथे विकेट के लिए 66 रनों की नाबाद साझेदारी की और टीम को जीत दिलाई। नीतीश ने 37 गेंद पर नाबाद 48 और रिंकू ने 23 गेंद पर नाबाद 42 रन बनाए।
नकारात्मक पक्ष: टिम साउदी ने दो विकेट जरूर लिए, लेकिन चार ओवर में 46 रन दिए। 11.50 की इकोनॉमी रेट से रन लुटाए। बाबा इंद्रजीत और एरॉन फिंच ओपनिंग में फेल रहे। बाबा ने 16 गेंद पर 15 और फिंच ने सात गेंद पर चार रन बनाए। फिंच के लिए हर बार आईपीएल का सीजन खराब जाता है। एक-दो अच्छी पारियां खेलने के बाद उनका बल्ला शांत हो जाता है।