इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 15वें सीजन के लिए खिलाड़ियों की नीलामी 12 और 13 फरवरी को बेंगलुरु में आयोजित होगी। इसके लिए 590 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट कर दिया गया है। कोरोना काल में होने वाले इस नीलामी के लिए बीसीसीआई ने कई नियम बनाए हैं। फ्रेंचाइजियों के विदेशी कोच और सदस्यों को सात दिन के लिए क्वारंटीन होना होगा। वहीं, नीलामी के लिए 11 फरवरी को दोपहर 12 बजे तक बेंगलुरु के होटल में पहुंचना होगा।
आईपीएल नीलामी में भाग लेने के लिए भारतीय फ्रेंचाइजी सदस्यों को दो अनिवार्य आरटी-पीसीआर कोविड टेस्ट के नतीजों को दिखाना होगा। बीसीसीआई ने चार फरवरी तक फ्रेंचाइजी से उन सदस्यों की सूची भी जमा करने के लिए कहा है जो इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके अलावा, बीसीसीआई ने नीलामी में शामिल होने वाले सदस्यों की संख्या भी तय की है। एक फ्रेंचाइजी के केवल 10 सदस्यों को नीलामी सेंटर में जाने की अनुमति दी जाएगी। कुल 10 टेबल पर 80 से ज्यादा लोग नहीं होंगे।
सभी सदस्यों को अपने टीकाकरण या बूस्टर के बारे में बीसीसीआई की मेडिकल टीम को बताना होगा। नीलामी सेंटर में उपस्थिति सभी लोगों को मास्क पहने रहना होगा। बीसीसीआई ने शॉर्टलिस्ट किए गए 590 खिलाड़ियों की लिस्ट मंगलवार (एक फरवरी) को जारी की। इनमें 220 विदेशी और 370 भारतीय खिलाड़ी हैं। रजिस्ट्रेशन कराने वाले खिलाड़ियों में से 228 कैप्ड, 355 अनकैप्ड और 7 एसोसिएट देश के हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स, कोलकाता नाइटराइडर्स, लखनऊ सुपर जायंट्स, मुंबई इंडियंस, पंजाब किंग्स, राजस्थान रॉयल्स, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, सनराइजर्स हैदराबाद और अहमदाबाद फ्रेंचाइजी नीलामी के दौरान बोली लगाती नजर आएगी। 2011 के बाद पहली बार नीलामी में 10 टीमें शामिल होंगी।
नीलामी में फाफ डु प्लेसिस, डेविड वार्नर, पैट कमिंस, कगिसो रबाडा, ट्रेंट बोल्ट, क्विंटन डीकॉक, जॉनी बेयरस्टो, जेसन होल्डर, ड्वेन ब्रावो, शाकिब अल हसन, वानिंदु हसरंगा जैसे विदेशी खिलाड़ियों की किस्मत दांव पर होगी। वहीं, श्रेयस अय्यर, शिखर धवन, रविचंद्रन अश्विन, अमित मिश्रा, मनीष पांडे, युजवेंद्र चहल, देवदत्त पडिक्कल, शार्दुल ठाकुर और दीपक चाहर जैसे भारतीय खिलाड़ियों पर सबकी नजरें होंगी।