इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के लिए खिलाड़ियों की नीलामी 12-13 फरवरी को होनी है। नीलामी में हर बार युवा खिलाड़ियों पर सबकी नजरें होती हैं। भारतीय अंडर-19 टीम इन दिनों वेस्टइंडीज में वर्ल्ड कप खेल रही है। टूर्नामेंट में टीम इंडिया का प्रदर्शन शानदार रहा है। टीम के कुछ खिलाड़ियों पर नीलामी में बड़ी बोली लग सकती है। उनमें अंगक्रिश रघुवंशी, हरनूर सिंह और कप्तान यश ढुल प्रमुख हैं।
अंडर-19 में बेहतरीन प्रदर्शन करने के बाद 2008 में मौजूदा समय के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने खरीदा था। वहीं, रविंद्र जडेजा को राजस्थान रॉयल्स ने अपनी टीम में शामिल किया था। 2018 में शानदार प्रदर्शन करने वाले पृथ्वी शॉ को दिल्ली कैपिटल्स, शुभमन गिल, शिवम मावी और कमलेश नागरकोटी को कोलकाता नाइटराइडर्स की ओर से खेलने का मौका मिला।
आईपीएल की लाइव कवरेज के लिए यहां क्लिक करें...
आइए जानते हैं इस बार किस अंडर-19 स्टार पर बड़ी बोली लग सकती है:
हरनूर सिंह: पंजाब के रहने वाले हरनूर सिंह को अंडर-19 टीम का सबसे होनहार खिलाड़ी माना जाता है। वे टीम के प्रमुख बल्लेबाज हैं। उन्होंने हाल के एशिया कप और अन्य मैचों में शानदार बल्लेबाजी की है। हरनूर ने भारत के लिए अंडर-19 वर्ल्ड कप के दूसरे मैच में आयरलैंड के खिलाफ 88 रन बनाए थे। उन पर कई टीमों की नजर होगी। हरनूर करोड़ों में बिक सकते हैं।
यश ढुल: भारतीय अंडर-19 टीम के कप्तान यश ढुल सभी प्रारूपों में खेलने के लिए उपयुक्त माने जाते हैं। हरनूर सिंह की तरह उनमें भी काफी क्षमता है। उन्होंने अपनी नेतृत्व क्षमता से भी सबको प्रभावित किया है। यश ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 100 गेंदों पर 82 रन बनाए थे। दुर्भाग्य से वे कोरोना संक्रमित हो गए और दो मैचों में नहीं खेल पाए थे। इसके बाद सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नाबाद 110 रन की पारी खेली थी।