फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IPL 2022 Analysis: चेन्नई-मुंबई का बुरा हाल, राजस्थान-गुजरात ने चौंकाया, डॉट गेंदों में 'टेस्ट स्पेशलिस्ट' उमेश आगे

Sun, 03 Apr 2022 03:38 PM IST
रोहित राज स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

सार

अब तक हुए 10 मैचों में 151 छक्के और 288 चौके लग चुके हैं। इस तरह 2058 रन बाउंड्री से निकले हैं। सिर्फ एक बल्लेबाज शतक लगा पाया है। राजस्थान रॉयल्स के जोस बटलर ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 100 रन बनाए थे।
विज्ञापन
आईपीएल 2022 - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आईपीएल के 15वें सीजन के 10 मैच हो चुके हैं। अब तक गेंदबाजों और बल्लेबाजों के बीच बराबरी का मुकाबला देखने को मिला है। बल्ले से अब तक 3361 रन निकले हैं तो 124 विकेट गिरे भी हैं। अंडरडॉग कही जाने वाले दो टीमें राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटन्स पहले और तीसरे स्थान पर हैं। वहीं, पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस नौवें और चार बार की चैंपियन चेन्नई सुपरकिंग्स आठवें स्थान पर है।
विज्ञापन


दो हजार से ज्यादा रन बाउंड्री से आए
अब तक हुए 10 मैचों में 151 छक्के और 288 चौके लग चुके हैं। इस तरह 2058 रन बाउंड्री से निकले हैं। सिर्फ एक बल्लेबाज शतक लगा पाया है। राजस्थान रॉयल्स के जोस बटलर ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 100 रन बनाए थे। वहीं, अब तक 14 अर्धशतक लग चुके हैं। छक्कों के मामले में कोलकाता नाइटराइडर्स के आंद्रे रसेल सबसे आगे हैं। उन्होंने 11 छक्के जड़े हैं। वहीं, मुंबई इंडियंस के ईशान किशन ने सबसे ज्यादा 16 चौके लगाए हैं।

17 बल्लेबाज नहीं खोल सके खाता
टूर्नामेंट में अब तक 17 बल्लेबाजों का खाता नहीं खुला है। इनमें लखनऊ सुपर जाएंट्स के कप्तान केएल राहुल भी शामिल भी हैं। बल्लेबाजों को 13 बार फ्री-हिट मिले हैं। इन 13 फ्री-हिट गेंदों पर कुल 23 रन बने हैं। टूर्नामेंट में अब तक 124 विकेट गिरे हैं। इस दौरान 71 बार बल्लेबाज कैच आउट हुए हैं। साथ ही छह मेडन ओवर फेंके गए हैं।
विज्ञापन
Trending Videos

आईपीएल - फोटो : अमर उजाला
टॉस का कमाल
अब तक 10 मैचों में टॉस जीतने वाली टीम सात मुकाबलों को जीतने में सफल रही है। वहीं, तीन मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। राजस्थान रॉयल्स के अलावा गुजरात टाइटन्स की टीम ने लक्ष्य का बचाव सफलतापूर्वक किया है। राजस्थान ने तो दो बार ऐसा किया है।

उमेश यादव की धमाकेदार वापसी
टेस्ट विशेषज्ञ कहे जाने वाले उमेश यादव पर नीलामी में सिर्फ कोलकाता नाइटराइडर्स ने भरोसा जताया। उन्हें फ्रेंचाइजी ने उनके बेस प्राइस दो करोड़ रुपये में खरीदा था। उमेश कोलकाता के भरोसे पर खरे उतरे। उन्होंने अब तक टूर्नामेंट में तीन मैच में सबसे ज्यादा आठ विकेट लिए। इस दौरान वे किफायती भी साबित हुए। उमेश ने 4.91 की इकॉनमी से रन दिए हैं। वे दो बार मैन ऑफ द मैच बन चुके हैं। डॉट गेंदों (जिस पर रन नहीं बने) में भी वे सबसे आगे हैं। उन्होंने सबसे ज्यादा 42 डॉट गेंदें की हैं।

ऋतुराज से लेकर मनीष पांडे ने किया निराश
10 मैचों में सबसे ज्यादा निराश चेन्नई सुपरकिंग्स के ओपनर ऋतुराज गायकवाड़ ने किया है। उन्होंने दो मैचों में सिर्फ एक रन बनाए हैं। पिछले सीजन में ऋतुराज ने सबसे ज्यादा रन बनाए थे। उनसे फ्रेंचाइजी को काफी उम्मीदें हैं। उनके अलावा सनराइजर्स हैदराबाद के अभिषेक शर्मा (नौ रन), रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के अनुज रावत (21 रन), लखनऊ सुपर जाएंट्स के मनीष पांडे (11 रन) और सनराइजर्स के निकोलस पूरन (00 रन) का प्रदर्शन निराशाजनक रहा।

आईपीएल - फोटो : अमर उजाला
40 साल के धोनी और 36 साल के उथप्पा का कमाल
चेन्नई सुपरकिंग्स के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का प्रदर्शन पिछले दो सीजन में ठीक नहीं रहा था। उन्होंने मौजूदा सीजन में ताबड़तोड़ तरीके से रन बनाए हैं। वे सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में 15वें नंबर पर हैं। धोनी ने दो मैचों की दो पारी में 66 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 150 का रहा है। दूसरी ओर, उन्हीं की टीम के रॉबिन उथप्पा ने भी शानदार बल्लेबाजी की है। वे दो मैचों की दो पारियों में 78 रन बना चुके हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 162.50 का है।

दो नई टीमों का कैसा रहा प्रदर्शन
सबसे पहले लखनऊ सुपर जाएंट्स की बात करें टीम को पहले मैच में गुजरात टाइटन्स के खिलाफ हार मिली है। वहीं, दूसरे मैच में उसने चेन्नई को हराया। पहले मैच में मध्यक्रम चला तो दूसरे में शीर्ष क्रम ने भी रन बनाए। टीम की कमजोरी अब तक उसकी गेंदबाजी रही है। रवि बिश्नोई को छोड़कर सभी गेंदबाजों ने निराश किया है। लखनऊ दो मैचों में दो अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है। उसका नेट रनरेट -0.011 है।

अब गुजरात टाइटन्स की बात करते हैं। हार्दिक पंड्या की कप्तानी में इसे आईपीएल की सबसे कमजोर टीम कहा जा रहा था, लेकिन उसने सबको चौंकाते हुए दो में से दो मैच जीत लिए हैं। गुजरात ने लखनऊ सुपर जाएंट्स और दिल्ली कैपिटल्स को हराया है। हार्दिक की टीम की सबसे बड़ी कमजोरी बल्लेबाजी है, लेकिन सभी खिलाड़ियों ने योगदान देकर इसे अब तक उजागर नहीं होने दिया है। गेंदबाजी में लोकी फर्ग्यूसन और  मोहम्मद शमी कमाल कर रहे हैं। अब देखना है कि टीम टूर्नामेंट के अंत में किस स्थान पर रहती है।
विज्ञापन

आईपीएल - फोटो : अमर उजाला
बदोनी और तिलक में है दम
आईपीएल में हर बार कोई न कोई नया स्टार सामने आता है। इस बार दो युवा खिलाड़ियों ने दबाव में बेहतर प्रदर्शन कर दिखाया है कि वे भविष्य में सुपरस्टार बन सकते हैं। लखनऊ सुपर जाएंट्स के आयुष बदोनी ने शुरुआती दोनों मैचों में प्रभावित किया है। 22 साल के बदोनी ने गुजरात के खिलाफ मुश्किल समय में उतरकर अर्धशतक लगाया था। उन्होंने 41 गेंद पर 54 रन बनाए थे। इसके बाद चेन्नई के खिलाफ दूसरे मैच में नौ गेंदों पर नाबाद 19 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई थी। दोनों मुकाबलों में उनके शॉट की तारीफ हुई थी। यहां तक कि कप्तान केएल राहुल ने उन्हें दिग्गज एबी डिविलियर्स जैसा बताया।

दूसरी ओर तिलक वर्मा ने भी काफी प्रभावित किया। मुंबई इंडियंस ने उन्हें मध्यक्रम के लिए खरीदा था। 19 साल के तिलक ने अपनी जगह को टीम में साबित किया है। उन्होंने पहले मैच में दिल्ली के खिलाफ 15 गेंद पर 22 रन बनाए थे। इसके बाद राजस्थान के खिलाफ दूसरे मुकाबले में 33 गेंदों पर 61 रन जड़ दिए। उन्होंने यह दिखा दिया कि वे मुंबई जैसी बड़ी टीम के लिए लंबे समय तक खेलने के लिए तैयार हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें