भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने कहा है कि भारत-इंग्लैंड सीरीज के हिस्से रहे खिलाड़ियों को आईपीएल से पहले सात दिन का अनिवार्य एकांतवास में छूट दी जाएगी। ऐसा इसलिए क्योंकि वह अब एक जैव सुरक्षा चक्र (बायो बबल) से दूसरे जैव सुरक्षा चक्र में प्रवेश करेंगे।
बीसीसीआई ने शनिवार को मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी की है। साथ ही बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि आईपीएल से जुड़े किसी शख्स को फिलहाल वैक्सीन नहीं लगाई जाएगी क्योंकि इसके लिए सरकार की एक प्रक्रिया है।
बयान में कहा गया है कि जो खिलाड़ी भारत-इंग्लैंड सीरीज का हिस्सा हैं वे सीधे अपनी फ्रेंचाइजी टीमों के साथ जुड़ सकेंगे। सीरीज खत्म होने के बाद खिलाड़ी बस या चार्टेड प्लेन से सीधे टीम होटल पहुंच जाएंगे। उन्हें आईपीएल के बायो बबल में प्रवेश के लिए क्वारंटीन या आरटीपीसीआर टेस्ट की जरूरत नहीं होगी। इसी तरह अगर फ्रेंचाइजी ने बायो बबल में शिविर लगा रखे हैं और उनके यात्रा बंदोबस्त संतोषजनक है तो वह भी सीधे प्रवेश कर सकेेंगे।