किसान महापंचायत को संबोधित करते नेता
- फोटो : self
केंद्र सरकार के नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसान आंदोलन के अंतर्गत यूपी में किसान महापंचायत का दौर जारी है। संयुक्त किसान मोर्चा उत्तर प्रदेश ने भारतीय किसान यूनियन अराजनीतिक असली ने लहरपुर सीतापुर में किसान महापंचायत का आयोजन किया। इसमें किसान नेताओं ने कहा कि आंदोलन को मजबूत करने के लिए सुई से लेकर जान तक की जरूरत होती है, जिसके पास जो है वह आंदोलन में भेजें।
यूपी के अधिकांश जिलों में महापंचायतों का आयोजन हो रहा है। लहरपुर में महापंचायत को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता चौधरी हरपाल सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार जब तक कानून वापसी नहीं करेगी, तब तक घर वापसी नहीं होगी। किसान का एजेंडा बिल्कुल साफ है। उन्हें एमएसपी पर खरीदी की गारंटी का कानून चाहिए। महापंचायत में सभी किसानों व मजदूरों ने किसान आंदोलन को मजबूत करने के लिए संकल्प लिया।
वक्ताओं ने सभी श्रोताओं को गाजीपुर बॉर्डर पर आंदोलन को मजबूत करने के लिए अपील भी। किसान नेताओं ने किसानों से कहा कि आंदोलन को मजबूत करने के लिए सुई से लेकर जान तक की जरूरत होती है। जो खुद आ सकते हैं वो खुद आकर आंदोलन को मजबूत बनाएं। इस महापंचायत में आत्मजीत सिंह राष्ट्रीय संयोजक और मुख्य अतिथि प्रदीप हुड्डा, हरीश हूण और कॉमरेड ब्रिज बिहारी, रिचा सिंह, संदीप पांडे को प्रधान हरजिंदर ने सरोपा पहना कर सम्मान भी किया।