आईपीएल 2021 के 41वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइटराइडर्स की टीम आमने-सामने थी। मुकाबले के दौरान मैदान पर हाईवोल्टेड ड्रामा देखने को मिला। दिल्ली के रविचंद्रन अश्विन मैदान पर ही कोलकाता के कप्तान इयोन मॉर्गन और टिम साउदी से भिड़ गए। इसके बाद केकेआर के विकेटकीपर दिनेश कार्तिक ने आकर बीच बचाव किया। तब जाकर मामला कुछ शांत हुआ।
दिल्ली की पारी के 20वें ओवर की घटना
दरअसल दिल्ली की पारी के 20वें ओवर में टिम साउदी गेंदबाजी कर रहे थे। पहली गेंद पर अश्विन ने बड़ा शॉट लगाना चाहा। हालांकि, बाउंड्री पर मौजूद नीतीश राणा ने उनका कैच पकड़ा और अश्विन नौ रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद साउदी ने अश्विन को चिढ़ाते हुए मैदान से बाहर जाने का रास्ता दिखाया। इस पर अश्विन चिढ़ गए और उन्होंने पलटकर जवाब भी दिया।
कार्तिक ने मामले को संभाला
फिर इस मामले में कोलकाता के कप्तान मॉर्गन भी कूद पड़े। अश्विन ने उन्हें भी जवाब दिया। वे और पंत मॉर्गन की तरफ बढ़ ही रहे थे कि दिनेश कार्तिक ने बीच-बचाव किया और अश्विन को पवेलियन की तरफ भेजा। इस दौरान दिल्ली के कप्तान पंत और कार्तिक के बीच भी मामले को शांत करने के लिए कुछ बात हुई।
किस बात पर हुआ हंगामा?
ऐसा बताया जा रहा है कि मामला 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर हुई घटना से जु़ड़ा हुआ है। दरअसल ओवर की आखिरी गेंद पर पंत और अश्विन रन लेने के लिए दौड़े थे। इस दौरान कोलकाता के फील्डर का थ्रो पंत के हाथ पर लगा और गेंद दूर चली गई। इस बीच दिल्ली के बल्लेबाजों ने दो रन ले लिए थे। केकेआर की टीम इससे नाराज दिखी थी। उनके हिसाब से दूसरा रन लेना फेयर प्ले नहीं था। इसी बात को लेकर केकेआर और दिल्ली के खिलाड़ियों के बीच हंगामा हुआ।
मैच के दौरान कमेंट्री कर रहे सुनील गावस्कर की मानें तो जब अश्विन कैच आउट हुए उस वक्त वे रनिंग कर रहे थे और साउदी उनके बीच में आ गए। इस वजह से दूसरे छोर पर मौजूद पंत कैच होने से पहले हाफ क्रीज पार नहीं कर पाए। गावस्कर का मानना था कि इसी को लेकर अश्विन नाखुश थे।
इस मैच में कोलकाता के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और दिल्ली को 20 ओवर में नौ विकेट पर 127 रन पर रोक दिया। दिल्ली के बल्लेबाज मुकाबले में एक भी छक्का नहीं लगा पाए। उनकी तरफ से पंत और स्टीव स्मिथ ने सबसे ज्यादा 39-39 रन बनाए। कोलकाता की ओर से लॉकी फर्ग्यूसन, वेंकटेश अय्यर, सुनील नरेन ने दो-दो विकेट झटके।
इसके बाद गेंदबाजी में अश्विन ने मॉर्गन का विकेट भी निकाला। 12वें ओवर की दूसरी गेंद पर अश्विन ने कोलकाता के कप्तान को शून्य पर ललित यादव के हाथों कैच कराया। विकेट लेने के बाद अश्विन ने मॉर्गन की तरफ घूरकर देखा और शानदार जश्न मनाया।
इस तरह अश्विन ने केकेआर के कप्तान से बदला लिया। अश्विन ने मैच में शानदार गेंदबाजी की और चार ओवर में 24 रन देकर एक विकेट लिया। हालांकि, वे टीम को हारने से नहीं बचा सके। कोलकाता ने यह मैच तीन विकेट से जीता।