दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) शनिवार यानी 21 अगस्त को रवाना होगी। टीम के स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर पहले से ही यूएई में अपने फिटनेस कोच के साथ मौजूद हैं और बाकी की खिलाड़ी भी जल्दी ही डीसी से जुड़ेंगे। समाचार एजेंसी एएनआई ने डीसी के एक अधिकारी के हवाले से बताया कि टीम शनिवार की सुबह यूएई के लिए उड़ान भरेगी। टीम दिल्ली से कुछ घरेलू खिलाड़ियों और अधिकारियों के साथ जाएगी। घरेलू खिलाड़ी पहले से ही राष्ट्रीय राजधानी में क्वारंटीन हैं और यूएई में भी एक हफ्ते के लिए क्वारंटीन होंगे। इसके बाद खिलाड़ियों का कैंप भी शुरू होगा। अधिकारी के मुताबिक, 'श्रेयस यूएई में मौजूद हैं जबकि भारत, दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के बाद टीम से जुड़ेंगे। टीम की कप्तानी को लेकर भी स्थिति अभी साफ नहीं है। टीम प्रबंधन ने अभी तक इस बात पर फैसला नहीं किया है कि पंत और अय्यर में कौन कप्तानी करेगा।