आईपीएल 2021 का का 47वां मैच शनिवार को चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच अबू धाबी में खेला गया। इस मुकाबले में चेन्नई से सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ा। आईपीएल में यह उनकी पहली सेंचुरी है। उन्होंने 60 गेंदों पर 101 रनों की नाबाद पारी खेली। ऋतुराज ने अपनी शतकीय पारी के दौरान 9 चौके और छह छक्के उड़ाए। उन्होंने अपनी सेंचुरी सीएसके की पारी की अंतिम गेंद पर पूरी की। इनिंग्स की अंतिम गेंद पर उन्होंने छक्का लगाते ही जश्न मनाना शुरू कर दिया था।
अंतिम गेंद पर पूरा किया शतक
अंतिम गेंद पर ऋतुराज को शतक पूरा करने के लिए 5 रनों की जरूरत थी। राजस्थान की ओर से सीएसके की पारी का अंतिम ओवर मुस्तफिजुर रहमान फेंक रहे थे। जडेजा पहले ही इस ओवर में 15 रन ले चुके थे। ऐसे में उन्होंने चौथी गेंद पर एक रन लेकर स्ट्राइक गायकवाड़ को दे दी। उस समय ऋतुराज 95 रनों पर बल्लेबाज कर रहे थे। सबक जेहन में यह सवाल था कि क्या वह अंतिम गेंद पर शतक पूरा करेंगे? मुस्तफिजुर ने जैसे ही पारी की अंतिम गेंद फेंकी गायकवाड़ ने उस पर जबरदस्त प्रहार कर दिया। उनका स्ट्रोक इतना दमदार था कि वह जानते थे कि गेंद बाउंड्री के बाहर ही नजर आएगी। इसलिए उन्होंने सीमा रेखा की तरफ देखा भी नहीं और पहले ही जश्न मनाना शुरू कर दिया।
189 रन बनाने के बावजूद सीएसके की हार
हालांकि 189 रन बनाने के बावजूद चेन्नई सुपर किंग्स को इस मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। सीएसके के द्वारा दिए गए 190 रनों के लक्ष्य को राजस्थान ने 17.3 ओवर की बल्लेबाजी में तीन विकेट खोकर पूरा कर लिया। राजस्थान के लिए शिवम दुबे ने सबसे ज्यादा 64 रन बनाए। उनके अलावा यशस्वी जायसवाल ने 50 रनों की ताबड़तोड़ तो पारी खेली। जबिक एविन लुइस आतिशी 27 रन बनाकर आउट हुए।