यूएई में होने वाले आईपीएल 2021 के दूसरे चरण का आगाज 19 सितंबर से होगा। इसके लिए लगभग सभी खिलाड़ी यहां पहुंच चुके हैं। वहीं, अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर मुजीब उर रहमान अभी तक दुबई नहीं पहुंचे हैं। मुजीब सनराइजर्स हैदराबाद टीम का हिस्सा हैं। बताया जा रहा है कि मुजीब के एंट्री वीजा को लेकर कोई समस्या है। सूत्रों ने इस संबंध में समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, 'इस मसले पर अभी भी काम किया जा रहा है और मुजीब कब अपनी फ्रेंचाइजी से जुड़ सकते हैं इसकी कोई तारीख स्पष्ट नहीं है। उनके प्रवेश वीजा पर अभी भी काम किया जा रहा है और जल्द ही अपडेट किया जाएगा।' वहीं, इस बीच, स्टार स्पिनर राशिद खान और ऑलराउंडर मोहम्मद नबी यूएई में टीम के साथ जुड़ गए हैं और वर्तमान में ये दोनों क्वारंटीन में हैं। बता दें कि सनराइजर्स दूसरे चरण में अपना पहला मैच 22 सितंबर को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलेगी।
यूएई में होने वाली इस चर्चित टी-20 लीग के लिए आठों फ्रेंचाइजी और उनके अधिकतर खिलाड़ी यहां पहुंच चुके हैं। अब फ्रेंचाइजियों की नजर कैरेबियन प्रीमियर लीग (सीपीएल) और श्रीलंका-दक्षिण अफ्रीका सीरीज में शामिल खिलाड़ियों को यहां लाने की है। समाचार एजेंसी एएनआई ने मामले की जानकारी रखने वाले सूत्र के हवाले से कहा, 'दो चार्टर प्लेन से खिलाड़ियों को लाया जाएगा। आठों टीमों ने मिलकर फैसला किया है कि वह सीपीएल और श्रीलंका से अपने-अपने खिलाड़ियों को चार्टर प्लेन की मदद से दुबई लाएंगे। इसमें एक चार्टर प्लेन सीपीएल तो दूसरा श्रीलंका जाएगा। इन दोनों जगहों से आने वाले खिलाड़ियों को दो दिन के लिए क्वारंटीन में रहना होगा। इसके बाद ही वे अपनी-अपनी टीमों के बबल से जुड़ पाएंगे। ये सभी खिलाड़ी पहले से बबल में खेल रहे हैं, ऐसे में उन्हें बबल से बबल में ट्रांसफर किया जाएगा और इसी कारण से उन्हें छह दिन के लिए क्वारंटीन नहीं रहना होगा। हालांकि टीम बबल से जुड़ने के लिए इन खिलाड़ियों को कोरोना टेस्ट करवाना होगा।