जोफ्रा आर्चर ने पकड़ा हैरान करने वाला कैच
- फोटो : Social Media
राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर अपनी तेज रफ्तार और सटीक लाइन लेंथ वाली गेंदबाजी के लिए पहचाने जाते हैं। आईपीएल 2020 में भी वे अपनी जबरदस्त गेंदबाजी से विपक्षी टीमों पर कहर बरपा रहे हैं। लेकिन रविवार को लीग के 45वें मुकाबले में उन्होंने अपने फील्डिंग से सभी को हैरान कर दिया।
दरअसल अबू धाबी में खेले गए मुकाबले में मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स की टीम आमने-सामने थी। पहले बल्लेबाजी कर रही मुंबई की तरफ से सलामी बल्लेबाज ईशान किशन क्रीज पर थे और शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे। लेकिन 11वें ओवर में आर्चर ने बाउंड्री के पास हवा में उछलकर उनका हैरतअंगेज कैच पकड़ा और उन्हें पवेलियन का रास्ता दिखा दिया।
कार्तिक त्यागी के ओवर की चौथी गेंद पर ईशान ने थर्ड मैन क्षेत्र में उठाकर हवाई शॉट खेला। लेकिन वहां पर मौजूद आर्चर ने पीछे भागते हुए हवा में छलांग लगाई और एक हाथ से गेंद को लपक लिया। आर्चर के इस कैच को देखकर रियान पराग, गेंदबाज कार्तिक त्यागी और कमेंटेटर भी चौंक गए और उनकी जमकर तारीफ की।
उधर सचिन तेंदुलकर ने भी आर्चर के कैच पर मजेदार अंदाज में ट्वीट किया। सचिन ने लिखा, 'वो कैच देखकर लगा कि जोफ्रा आर्चर अपने घर का बल्ब बदल रहा है।'