सूर्य कुमार यादव (79*) की आईपीएल की अपनी श्रेष्ठ पारी और जसप्रीत बुमराह (4/20) की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से मुंबई ने राजस्थान को मंगलवार को 57 रन से हरा दिया। रोहित के नेतृत्व वाली मुंबई की टीम पांच मैचों में चौथी जीत के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई।
पहले बल्लेबाजी पर उतरी मुंबई ने चार विकेट पर 193 रन बनाए। जवाब में महज 12 रन पर तीन विकेट गंवाकर लड़खड़ाती शुरुआत करने वाली राजस्थान की टीम संभल ही नहीं पाई और 18.1 ओवरों में 136 रन पर ढेर हो गई। ट्रेंट बोल्ट और पैटिंसन ने दो-दो विकेट लिए। बुमराह ने आईपीएल में पहली बार चार विकेट लिए हैं।
मुंबई की पारी के नायक रहे सूर्य कुमार ने 47 गेंद की पारी में में 11 चौके और दो छक्के लगाए। सूर्य ने हार्दिक पंड्या (30*) के साथ पांचवें विकेट के लिए छह ओवर में 76 रन की अटूट साझेदारी की। इन दोनों की बदौलत मुंबई अंतिम चार ओवर में 60 रन जुटाने में सफल रही। रॉयल्स की ओर से श्रेयस गोपाल ने 28 रन देकर दो विकेट चटकाए।
रोहित-क्विंटन ने दी तेज शुरुआत : मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा (35) और क्विंटन डिकॉक (23) दोनों ने अंकित राजूपत के पहले ओवर में चौके के साथ खाता खोला। रोहित ने राजपूत के अगले ओवर में भी लगातार गेंदों पर छक्का और चौका मारा। डिकॉक ने आर्चर का स्वागत लगातार गेंदों पर चौके और छक्के के साथ किया लेकिन कार्तिक त्यागी की बाउंसर को डिकॉक हवा में लहराकर विकेटकीपर जोस बटलर को कैच दे बैठे। मुंबई ने पावरप्ले के छह ओवरों में एक विकेट पर 57 रन बनाए।
सूर्य का 33 गेंदों पर अर्द्धशतक : सूर्य कुमार शुरू से ही लय में दिखे और उन्होंने गोपाल पर चौका जड़ने के बाद कार्तिक के ओवर में तीन चौके मारे। रोहित हालांकि लेग स्पिनर गोपाल की गेंद को उठाकर मारने की कोशिश में लांग आन पर राहुल तेवतिया को बेहद आसान कैच दे बैठे। उन्होंने 23 गेंद की अपनी पारी में तीन छक्के और दो चौके मारे। इशान किशन बिना खाता खोले आउट हो गए। क्रुणाल पंड्या (12)आर्चर का शिकार बने। सूर्य ने गोपाल पर लगातार दो चौके जड़ 12वें ओवर में स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। सूर्य ने टॉम कुरेन पर चौके के साथ 33 गेंद में अर्द्धशतक पूरा किया।
हार्दिक को मिला जीवनदान: हार्दिक ने 18वें ओवर में कुरेन पर चौका जड़ा लेकिन इस तेज गेंदबाज ने उनका आसान कैच टपका दिया। सूर्य ने ओवर की अंतिम दो गेंद पर छक्का और चौका मारा। पारी के 19वें ओवर में आर्चर की बाउंसर सूर्य के हेलमेट में लगी लेकिन इस बल्लेबाज ने अगली गेंद को विकेटकीपर के सिर के ऊपर से छह रन के लिए भेजा। हार्दिक ने राजपूत के पारी के अंतिम ओवर में छक्के के साथ टीम का स्कोर 190 रन के पार पहुंचाया।
हापुड़ के कार्तिक को मिली स्टोक्स से सराहना
हापुड के रहने वाले 19 साल के तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी का यह पहला आईपीएल मैच था और राजस्थान रॉयल्स के इस युवा गेंदबाज ने मुंबई इंडियंस के सलामी बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक को विकेटकीपर बटलर के हाथों कैच कराकर आईपीएल में अपना पहला विकेट लिया। बेहतर एक्शन के साथ गेंदबाजी करने वाले कार्तिक को इंग्लैंड के ऑलराउंडर और टीम के साथी बेन स्टोक्स की सराहना मिली है। न्यूजीलैंड से लौटने के बाद एकांतवास कर रहे स्टोक्स ने ट्वीट किया कि कार्तिक का रनअप ऑस्ट्रेलिया के पेसर ब्रेट ली जैसा और वह भारत के तेज गेंदबाज इशांत शर्मा जैसी गेंद फेंकते हैं।