रोहित-यादव ने जोड़े 90 रन :
इससे पहले मुंबई ने पांच विकेट पर 195 रन बनाए। रोहित ने सूर्यकुमार यादव (47 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 90 रन और सौरभ तिवारी (21) के साथ तीसरे विकेट के लिए 49 रन जोड़े।
रोहित का 37वां अर्द्धशतक :
कमिंस पांचवें ओवर में गेंदबाजी के लिए आए। उनकी शॉर्ट पिच गेंदों पर रोहित ने पुल शॉट की अपनी महारत दिखाई और दो छक्के लगाए। आंद्रे रसेल को भी उन्होंने यही सबक सिखाया। नरेन और कुलदीप भी उन्हें रोकने में असफल रहे। रोहित ने इसके बाद 39 गेंदों पर आईपीएल का 37वां और टी-20 में अपना 61वां अर्द्धशतक पूरा किया। फिर कुलदीप के आखिरी ओवर में दो छक्के जड़े। कमिंस के दूसरे स्पैल में छक्का जड़ने वाले सौरभ ने नरेन की गेंद पर लांग ऑफ पर आसान कैच दिया।
हार्दिक हिट-विकेट होने वाले 11वें बल्लेबाज :
हार्दिक ने नारायण पर दो चौके और एक छक्का जड़ा। वह (18) हिटविकेट आउट हुए। आईपीएल के इस सीजन में वह हिट विकेट होने वाले पहले जबकि लीग में इस तरह आउट होने वाले वे 11वें खिलाड़ी हैं। पहले सीजन (2008) में मुंबई के ही मुसविर खोटे पंजाब के खिलाफ हिट-विकेट हुए थे। वहीं, पिछली बार 2019 में राजस्थान रॉयल्स के रियान पराग कोलकाता के खिलाफ ही हिट-विकेट हुए थे।
कमिंस पड़े सबसे महंगे :
कोलकाता के सबसे महंगे खिलाड़ी पैट कमिंस गेंदबाजी में भी महंगे साबित हुए। नीलामी में 15.50 करोड़ में बिके कमिंस आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी हैं। उन्होंने तीन ओवर में 49 रन लुटाए। हालांकि उन्होंने बल्लेबाजी में 12 गेंदों में चार छक्कों और एक चौके की मदद से 33 रन जड़कर कुछ भरपाई की। युवा शिवम मावी ने प्रभावित किया और 32 रन देकर दो विकेट लिए। कोलकाता ने ने टॉस जीतकर कमिंस की बजाय संदीप वारियर और मावी से गेंदबाजी का आगाज कराया।
मावी ने फेंका सत्र का पहला मेडन ओवर :
वारियर के पहले ओवर में रोहित ने जहां छक्का जड़ा तो उनके दूसरे ओवर में सूर्यकुमार ने चार चौके जड़े। मावी ने इस बीच न सिर्फ मेडन ओवर किया बल्कि क्विंटन डिकॉक (एक) को हवा में लहराता कैच देने के लिए भी मजबूर किया। उन्होंने रोहित की पारी का भी कमिंस के हाथों कैच करवाकर अंत किया।