गेंदबाजी किंग्स इलेवन का कमजोर पक्ष रहा था। मोहम्मद शमी और रवि बिश्नोई को छोड़कर उसका कोई भी गेंदबाज विशेषकर डेथ ओवरों में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया। लेकिन शनिवार को जब बल्लेबाज नाकाम रहे तब गेंदबाजों ने बेहतरीन खेल दिखाया और उन्होंने अंतिम दो ओवरों में पांच विकेट लेकर 126 रन का बचाव किया।
लकी साबित हो रहे हैं गेल
पंजाब के पास कप्तान लोकेश राहुल और मयंक अग्रवाल के रूप में दो अच्छी फॉर्म में चलने वाले बल्लेबाज हैं। क्रिस गेल की उपस्थिति से टीम का उत्साह बढ़ा है। जब से गेल को टीम में शामिल किया गया है तब से उसने एक भी मैच नहीं गंवाया है। निकोलस पूरन भी खतरनाक बल्लेबाज के रूप में उभरे हैं लेकिन ग्लेन मैक्सवेल की फॉर्म अब भी टीम के लिए चिंता का विषय है। अग्रवाल घुटने की चोट के कारण सनराइजर्स के खिलाफ मैच में नहीं खेल पाये थे लेकिन उनके केकेआर के खिलाफ खेलने की उम्मीद है।
सुनील नरेन और नितीश राणा
- फोटो : ट्विटर @KKRiders
केकेआर की टीम भी दिल्ली कैपिटल्स की मजबूत टीम के खिलाफ जीत से उत्साहित है और वह विजय अभियान बरकरार रखने के लिए बेताब होगी। बैंगलोर के खिलाफ आठ विकेट की करारी शिकस्त के बाद केकेआर ने सुधरा हुआ प्रदर्शन किया तथा दिल्ली को 59 रन से पराजित किया। ओपनिंग पर उतरे नितीश राणा ने 81 रन की पारी खेली और सुनील नरेन (64) के साथ 115 रन की साझेदारी की। इसके बाद लेग स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने पांच विकेट लिए। केकेआर को अगर अपना विजय अभियान जारी रखना है तो उसके बल्लेबाजों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा। केकेआर की गेंदबाजी लॉकी फर्ग्यूसन के आने के बाद मजबूत हुई है।
कोलकाता नाइट राइडर्स:
इयोन मोर्गन (कप्तान), शुभमन गिल, नीतीश राणा, सुनील नरेन, राहुल त्रिपाठी, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), आंद्रे रसेल, कुलदीप यादव, लॉकी फर्ग्यूसन, पैट कमिंस, वरुण चक्रवर्ती, कमलेश नागरकोटी, प्रसिद्ध कृष्णा।
किंग्स इलेवन पंजाब:
लोकेश राहुल (कप्तान), मयंक अग्रवाल, क्रिस गेल, ग्लेन मैक्सवेल, निकोलस पूरन, मनदीप सिंह, दीपक हुड्डा, रवि बिश्नोई, मोहम्मद शमी, क्रिस जॉर्डन, मुरुगन अश्विन, अर्शदीप सिंह।