हार्दिक पांड्या और कीरोन पोलार्ड
- फोटो : ट्विटर @mipaltan
रविवार को भले ही भले ही बेन स्टोक्स और संजू सैसमन ने अपनी बेहतरीन पारी के बूते राजस्थान रॉयल्स को शानदार जीत दिलाई, लेकिन मुंबई इंडियंस के धाकड़ खिलाड़ी हार्दिक पांड्या ने भी मैच में समां बांध दिया था। इस ऑलराउंडर ने 21 गेंदों पर नाबाद 60 रन बनाए। इसके बाद उन्होंने कुछ ऐसा किया जिसके बारे में आज पूरी दुनिया बात कर रही है।
अबु धाबी के शेख जायद स्टेडियम में खेले गए टूर्नामेंट के 45वें मैच की पहली पारी के 19वें ओवर में जैसे ही अपनी फिफ्टी पूरी की। एक घुटने के बल पर बैठकर अपना दायां हाथ उठा दिया। ऐसा कर उन्होंने नस्लवाद के खिलाफ चल रहे अभियान के प्रति अपना समर्थन जताया।
हार्दिक पांड्या 'ब्लैक लाइव्स मैटर' यानि बीएलएम (अश्वेतों की जिंदगी मायने रखती है) का समर्थन करने वाले आईपीएल के पहले खिलाड़ी बन गए। वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर और मुंबई के कार्यवाहक कप्तान कीरोन पोलार्ड ने भी अपने दाएं हाथ की मुट्ठी भींचकर उनका समर्थन किया।
पांड्या ने मैच के बाद अपनी तस्वीर भी ट्वीट की और उसका कैप्शन दिया 'ब्लैक लाइव्स मैटर'। SRH की तरफ से खेल रहे वेस्टइंडीज के टेस्ट कप्तान जेसन होल्डर ने आईपीएल की किसी भी टीम के इस अभियान के प्रति समर्थन नहीं दिखाने पर पिछले सप्ताह निराशा व्यक्त की थी।