खराब शुरुआत के बाद जीत की राह पर लौटी मुंबई के खिलाफ शनिवार को होने वाले इंडियन टी-20 मैच में जॉनी बेयरस्टो अपना शानदार फॉर्म बरकरार रखते हुए सनराइजर्स हैदराबाद की जीत का सिलसिला कायम रखना चाहेंगे। लगातार तीन जीत के बाद हैदराबाद, मुंबई को कोई मौका नहीं देना चाहेंगे।
मुंबई ने चार मैचों में से दो जीते और दो हारे हैं। पिछले मैच में हालांकि मुंबई ने तीन बार की चैंपियन चेन्नई को मात दी जो चार मैचों में उसकी पहली हार थी। इसके विपरीत कोलकाता से पहला मैच हारने वाली सनराइजर्स ने राजस्थान, बैंगलोर और दिल्ली को हराया। दिल्ली के खिलाफ हैदराबाद के कप्तान केन विलियमसन चोट के कारण नहीं खेले लेकिन उसका कोई असर नहीं दिखाई दिया।
भुवनेश्वर कुमार ने मोर्चे से अगुआई की। सलामी बल्लेबाज बेयरस्टो (48) ने एक बार फिर बल्ले के जौहर दिखाते हुए टीम को पांच विकेट से जीत दिलाई। उनसे और ऑस्ट्रेलिया के वॉर्नर से एक बार फिर उम्दा प्रदर्शन की उम्मीद होगी। दोनों चार में से तीन मैचों में शतकीय साझेदारियां कर चुके हैं। कोलकाता के खिलाफ पहले मैच में 118 रन की साझेदारी करने के बाद वॉर्नर और बेयरस्टो ने रॉयल्स के खिलाफ 110 और बेंगलोर के खिलाफ 185 रन जोड़े।
गेंदबाजों में अफगानिस्तान के मोहम्मद नबी और राशिद खान के साथ भुवनेश्वर भी इस प्रदर्शन को जारी रखना चाहेंगे क्योंकि मुंबई के पास रोहित शर्मा, युवराज सिंह, सूर्यकुमार यादव, क्विंटन डी कॉक, कीरोन पोलार्ड और पांड्या बंधु जैसे बल्लेबाज हैं।
चेन्नई के खिलाफ सूर्यकुमार ने 59 और क्रुणाल पंड्या ने 42 रन बनाकर टीम को 170 रन तक पहुंचाया और चेन्नई टीम आठ विकेट पर 133 रन ही बना सकी। सनराइजर्स के खिलाफ मुंबई के बल्लेबाज अपनी क्षमता केअनुरूप प्रदर्शन करना चाहेंगे। गेंदबाजी में टीम श्रीलंका के लसिथ मलिंगा और हार्दिक पंड्या पर काफी हद तक निर्भर है।