दिल्ली की टीम इंडियन टी-20 लीग के अपने तीसरे मुकाबले के लिए शनिवार को जब घरेलू मैदान पर जब उतरेगी तो इस बात की संभावना अधिक होगी कि यहां की परिस्थितियां कोलकाता को ज्यादा पसंद आए।
पिछले मैच में भी यहां चेन्नई ने घरेलू टीम की तुलना में परिस्थितियों का ज्यादा फायदा उठाया था। बल्लेबाजी के लिए मुश्किल विकेट पर उनके स्पिनरों को पिच से ज्यादा मदद मिली। कोलकाता के पास भारत के प्रमुख गेंदबाज कुलदीप यादव के नेतृत्व में एक विश्व स्तरीय स्पिन गेंदबाजी आक्रमण है जिसमें पीयूष चावला और सुनील नारायण जैसे दिग्गज शामिल हैं।
शिखर धवन और ऋषभ पंत दोनों ही अच्छी फॉर्म में हैं लेकिन फिरोज शाह कोटला की पिच और केकेआर की स्पिन तिकड़ी उन्हें खुल कर बल्लेबाजी करने देती है या नहीं, यह देखना होगा।
पंत ने पहले दोनों मैचों में अच्छी बल्लेबाजी (78 और 25 रन) की है। उन्होने मुंबई के खिलाफ पहले मैच में धुआंधार पारी के साथ सत्र का आगाज किया। धवन भी अच्छी लय में हैं। दोनों ही परिस्थितियों को अच्छी तरह से जानते हैं और उन्हें अपनी बल्लेबाजी की योजना बनाने में अपनी समझ का उपयोग करने की जरूरत होगी।
इन सब से ज्यादा दिल्ली के स्पिनरों अक्षर पटेल, राहुल तेवतिया और अमित मिश्रा को शानदार फार्म में चल रहे केकेआर के बल्लेबाजों को रोकने के लिए अपने खेल के शीर्ष पर होना होगा।
कोलकाता के लिए नीतिश राणा, आंद्रे रसेल, रॉबिन उथप्पा और शुभमन गिल रन बना रहे हैं। लेकिन बडे़ शॉट खेलने की अपनी अविश्वसनीय क्षमता के साथ रसेल सबसे खतरनाक बल्लेबाज हैं। केकेआर की दोनों जीत में वेस्टइंडीज के खिलाड़ी का योगदान रहा जिसने गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उन्हें रोकना अक्षर और मिश्रा के लिए सबसे बड़ी चुनौती होगी।
राणा पारी की शुरूआत और मध्यक्रम दोनों जगह प्रभावशाली रहे। युवा गिल के प्रदर्शन को उत्सुकता से देखा जाएगा क्योंकि उन्हें भविष्य के भारतीय खिलाड़ी के तौर पर देखा जा रहा है।
दिल्ली के लिए स्पिनरों के अलावा, दक्षिण अफ्रीका के युवा तेज गेंदबाज कैगिसो रबाडा को भी रन रोकने की जिम्मेदारी उठानी होगी।
समय : मैच रात आठ बजे शुरू होगा।
केकेआर के दो मैचों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले तीन बल्लेबाज
नीतिश राणा 131 रन, 68 सर्वोच्च, 2 अर्धशतक
रॉबिन उथप्पा 102 रन, 67 नॉटआउट सर्वोच्च, 1 अर्धशतक
आंद्रे रसेल 97 रन, 49 नॉटआउट सर्वोच्च
केकेआर के दो मैचों में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले शीर्ष गेंदबाज
आंद्रे रसेल 6 ओवर दिए, 53 रन दिए, 4 विकेट
पीयूष चावला, 6 ओवर 49 रन दिए, 2 विकेट
दिल्ली कैपिटल्स के 2 मैचों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले 3 बल्लेबाज
ऋषभ पंत 102 रन, 78 सर्वोच्च, 1 अर्धशतक
शिखर धवन 94 रन 51 सर्वोच्च, 1 अर्धशतक
दिल्ली के 2 मैचों में सबसे ज्यादा विकेट शीर्ष गेंदबाज
रबाड़ा 7.4 ओवर, 49 रन दिए, 3 विकेट
इशांत शर्मा 7 ओवर,62 रन दिए, 3 विकेट
अमित मिश्रा 4 ओवर, 35 रन दिए, 2 विकेट