पिछले सीजन सनराइजर्स हैदराबाद को आईपीएल खिताब दिलवाने में प्रमुख भूमिका निभाने वाले बांग्लादेशी गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान की जल्द ही टीम में वापसी हो सकती है। संभावना जताई जा रही है कि मुस्तफिजुर मुंबई के खिलाफ मुंबई में खेले जाने वाले मुकाबले में चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे।
हैदराबाद के कोट टॉम मूडी ने गुजरात के खिलाफ रविवार को खेले जाने वाले मैच की तैयारियों के बारें में संवाददाताओं से बात करते हुए कहा, हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि गुजरात पिछली बार प्ले ऑफ तक पहुंची थी। एक जीत या हार से कोई फर्क नहीं पड़ता। हमें लगातार जीत हासिल करने के प्रयास करने होंगे। और जिन क्षेत्रों में सुधार की गुंजाइश है वहां ज्यादा ध्यान देना होगा।
मूडी ने कहा, हम अंतिम एकदश में निरंतरता देखना चाहते हैं लेकिन ऐसा करते हुए हम एक मजबूत एकादश के साथ मैदान में उतरना चाहते हैं जो कि विरोधी टीम और कंडीशन्स के आधार पर तय होगा।
अपनी बेहतरीन यॉर्कर्स और गेंदबाजी में वेरिएशन के साथ मुस्तफिजुर ने पिछले सीजन में 16 मैचों में 6.90 की इकोनॉमी से 17 विकेट हासिल किए थे। हालांकि अपने छोटे से करियर में वह कई बार चोटिल हो चुके हैं। पिछले साल ससेक्स के लिए काउंटी क्रिकेट खेलते हुए वह चोटिल हो गए थे। इसके बाद उन्हें अपने कंधे का ऑपरेशन करवाना पड़ा था। इसके बाद बांग्लादेश के न्यूजीलैंड दौरे में उनकी टीम में वापसी हुई थी।
मुस्तफिजुर हाल ही में श्रीलंका दौरे पर गई बांग्लादेशी टीम के सदस्य थे। जिसमें 2 टेस्ट, 3 वनडे और 2 टी-20 मैच खेले गए। बांग्लादेश के कप्तान मुशरफे मुर्तजा ने उन्हें आईपीएल में भाग नहीं लेने की सलाह दी थी। लेकिन बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने उन्हें आईपीएल में खेलने की अनुमति दे दी।
यदि मुंबई इंडियन्स के खिलाफ खेले जाने वाले मैच में वह सनराइजर्स के लिए खेलते नजर आते हैं तो भी वह अंत तक टीम के साथ नहीं जुड़े रह पाएंगे। उन्हें राष्ट्रीय टीम को अपनी सेवाएं देनी होंगी। बांग्लादेश को मई में आयरलैंड दौरे पर जाना है जहां उन्हें त्रिकोणीय सीरीज भी खेलनी है जिसमें तीसरी टीम न्यूजीलैंड की होगी।