प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की आईपीएल-10 के अगले मुकाबले में सोमवार को मजबूत मुंबई इंडियंस से भिड़ंत होगी। मुंबई टीम ने जहां नौ में से केवल दो मुकाबले हारे हैं तो वहीं बैंगलोर टीम दस में से दो ही मुकाबले जीत सकी है। रोहित शर्मा की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस टीम के 14 अंक हैं जबकि विराट कोहली की कप्तानी वाली बैंगलोर टीम के सिर्फ पांच अंक हैं।
वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले में मेजबान टीम का पलड़ा भारी नजर आता है क्योंकि वह इस मैदान पर सिर्फ एक ही मैच हारी है। इसके अलावा ओपनर पार्थिव पटेल की फॉर्म से टीम प्रबंधन काफी खुश होगा जिन्होंने गुजरात लॉयंस के खिलाफ पिछले मैच में 70 रन की दमदार पारी खेली। मुंबई ने गुजरात के खिलाफ पिछले मैच में सुपर ओवर में जीत दर्ज की थी।
मुंबई की बल्लेबाजी में ताकत पार्थिव, जोस बटलर, कप्तान रोहित, युवा नीतीश राणा के अलावा पांड्या बंधु (हार्दिक और क्रुणाल) हैं। वहीं गेंदबाजी में अनुभवी लसिथ मलिंगा, हरभजन सिंह, डेथ ओवर के विशेषज्ञ जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या हैं। मुंबई टीम को वानखेड़े में पिछले मुकाबले में राइजिंग पुणे सुपरजाइंट के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी लेकिन वह उस हार को भुलाकर बैंगलोर के खिलाफ जीत दर्ज करने के मकसद से उतरेगी।
दूसरी ओर गत उपविजेता आरसीबी का इस सीजन में प्रदर्शन काफी खराब रहा है। दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में शुमार क्रिस गेल, एबी डीविलियर्स और विराट कोहली टूर्नामेंट में कुछ खास नहीं कर सके हैं। विराट ने पिछले मैच में पुणे के खिलाफ जरूर अर्द्धशतक लगाया लेकिन टीम को जीत नसीब नहीं हो सकी।
आरसीबी को यदि इस पिच पर बड़ा स्कोर बनाना होगा तो गेल, एबी, कोहली, केदार जाधव और शेन वॉटसन को बेहतर योगदान अहम रहेगा जो अभी तक देखने को नहीं मिला है। स्पिनर सैमुअल बद्री को भी अपनी योजनाओं को बखूबी लागू करना होगा। उनके अलावा श्रीनाथ अरविंद, युजवेंद्र चहल, एडम मिल्ने और अनिकेत चौधरी से भी उम्मीदें रहेंगी।
दोनों टीमें इस प्रकार हैं:-
मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), लेंडल सिमंस, मिचेल जॉनसन, मिचेल मैकक्लेनेघन, नीतीश राणा, पार्थिव पटेल, सौरभ तिवारी, श्रेयस गोपाल, टिम साउदी, लसिथ मलिंगा, क्रुणाल पांड्या, किरोन पोलार्ड, अंबाती रायडू, एसेला गुणारत्ने, हरभजन सिंह, हार्दिक पांड्या, जगदीश सुचित, जसप्रीत बुमराह, जोस बटलर, कर्ण शर्मा और विनय कुमार।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर : विराट कोहली (कप्तान), एबी डीविलियर्स, क्रिस गेल, युजवेंद्र चहल, हर्षल पटेल, मनदीप सिंह, एडम मिल्ने, विष्णु विनोद, श्रीनाथ अरविंद, केदार जाधव, शेन वॉटसन, स्टुअर्ट बिन्नी, सैमुअल बद्री, इकबाल अब्दुल्ला, ट्रेविस हेड, सचिन बेबी, अवेश खान, तबरेज शम्सी, टाइमल मिल्स, अनिकेत चौधरी, प्रवीण दुबे, बिली स्टेनलेक।