आईपीएल के चार लगातार मुकाबलों में हार मिलने के दिल्ली डेयरडेविल्स एक बार फिर अपने घरेलू मैदान फिरोजशाह कोटला में मंगलवार को उतरने जा रही है। बावजूद इसके हैदराबाद सनराइजर्स के सामने उसकी मुश्किलें कम नहीं बल्कि और बढ़ने जा रही हैं। यह लगभग तय है कि कप्तान जहीर खान इस मुकाबले में भी नहीं खेलेंगे, वहीं सैम बिलिंग भी अपने देश के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के लिए जा रहे हैं। ऊपर से एक के बाद एक उसके हिस्से में आ रही हार। वहीं गत विजेता हैदराबाद वार्नर की जबरदस्त फॉर्म और अफगानी स्पिनर राशिद खान की अबूझ गुगली के दम पर अपने पूरे रंग में है।
डेयरडेविल्स के लिए आज का मुकाबला करो या मरो वाला रहेगा। यहां उसे एक बार फिर हार मिली तो तो आईपीएल से उसके बाहर होने की नौबत खड़ी हो जाएगी। वर्तमान में वैसे ही दिल्ली अंकतालिका में सबसे निचले पायदान पर है। यहां अगर दिल्ली ने वापसी नहीं की तो आगे उसके लिए राह और भी कठिन होने वाली जहीर खान बाहर चल रहे सैम बिलिंग जा रहे हैं, जबकि खगीसो रबादा और क्रिस मौरिस भी इस सप्ताह दिल्ली का साथ छोड़ दक्षिण अफ्रीकी टीम से जुड़ने जा रहे हैं।
दिल्ली की सबसे बड़ी मुश्किल उसकी बल्लेबाजी का बुरी तरह फ्लाप होना है। कार्यवाहक कप्तान करुण नायर का पूरे टूर्नामेंट में अब तक बल्ला नहीं बोला है। उन्होंने गेंदें भी ज्यादा खेली हैं। वहीं शमी भी गेंदबाजी में नहीं चले हैं।
दिल्ली और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच अबतक आईपीएल में 9 मैच खेले जा चुके हैं। जिनमें से 6 में हैदराबाद को और 3 में दिल्ली को जीत हासिल हुई थी। इस सीजन में जब दिल्ली और हैदराबाद के बीच खेले गए मैच में हैदराबाद ने दिल्ली को जीत के लिए 192 रन का लक्ष्य दिया था जिसका पीछा करते हुए दिल्ली केवल 176 रन बना सकी थी। इस वजह से इस बार भी हैदराबाद का पलड़ा ही भारी नजर आ रहा है।