फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

KXIPvsDD:किंग्स के आगे ढह गए डेयरडेविल्स, प्लेऑफ से बाहर हुई दिल्ली

Mon, 01 May 2017 04:14 AM IST
amarujala.com- Presented by: नवीन चौहान
विज्ञापन
विज्ञापन
दिल्ली डेयरडेविल्स की टीम कमान रविवार को करुण नायर के हाथों में थी। एक ऐसा बल्लेबाज जो टेस्ट क्रिकेट में तिहरा शतक बना चुका है। आउट ऑफ फार्म चल रहे नायर टीम के बल्लेबाजों को बेहतर करने के लिए प्रेरित नहीं कर सके। दिल्ली की टीम आईपीएल में महज 67 रन पर आउट हो गई और किंंग्स इलेवन पंजाब ने रविवार को 7.5 ओवरों में बिना विकेट खोए दस विकेट से एकतरफा जीत हासिल कर ली। 
विज्ञापन


पंजाब के लिए संदीप शर्मा ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 20 रन देकर चार विकेट झटके जिसमें श्रेयस अय्यर का अपनी ही गेंदबाजी पर फालोथ्रू में पकड़ा गया बेहतरीन कैच भी शामिल था। ‘मैन ऑफ द मैच’ रहे संदीप शर्मा का इस सीजन का यह श्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। इससे पहले उन्होंने गुजरात लॉयंस के खिलाफ 40 रन देकर दो विकेट लिए थे। 

दिल्ली डेयरडेविल्स के नियमित कप्तान जहीर खान चोटिल होने के कारण इस मुकाबले में नहीं उतरे थे। किंग्स इलेवन पंजाब के कप्तान मैक्सवेल ने टॉस जीतकर पहले दिल्ली को बल्लेबाजी पर उतारा। दिल्ली का कोई भी बल्लेबाज 20 रन का आंकड़ा भी नहीं छू सका। सर्वाधिक रन कोरी एंडरसन (18) ने बनाए। अक्षर पटेल ने 22 रन देकर और वरुण एरोन ने तीन रन देकर दो-दो विकेट लिए। मेजबान पंजाब ने मार्टिन गुप्टिल (50*) और हाशिम अमला (16*) की मदद से 7.5 ओवरों में बिना विकेट खोए लक्ष्य हासिल कर लिया। पंजाब की टीम की नौ मैचों में चौथी जीत है।
विज्ञापन


पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली का 67 रन पर सिमट जाना आईपीएल के खराब प्रदर्शनों में से एक है। इस सीजन में यह दूसरा न्यूनतम स्कोर है। इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम केकेआर के खिलाफ महज 49 रन पर सिमट गई थी। दिल्ली के बल्लेबाजों का खराब प्रदर्शन इसलिए भी निराशाजनक है क्योंकि टीम के कोच दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ हैं। 

दिल्ली को पहला झटका जल्द ही लग गया था जब सैम बिलिंग्स पहले ही ओवर संदीप की गेंद पर विकेटकीपर साहा को कैच दे बैठे। अगले ओवर में संदीप ने इस सीजन के पहले शतकवीर सैमसन (05) को भी चलता कर दिया। पांचवें ओवर में संदीप ने श्रेयस अय्यर (06) को खूबसूरत अंदाज में कैच आउट कर टीम को तीसरा झटका दे दिया। सातवें ओवर में आए अक्षर पटेल ने अपनी पहली ही गेंद पर करुण नायर (11) को बोल्ड कर दिया। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत (03) के आउट होते ही आधी टीम 30 रन के स्कोर पवेलियन लौट चुकी थी। मौरिस (02) के आउट होने के बाद टीम पर बीस ओवर तक टिकने का संकट नजर आने लगा था और अंतत: 17 गेंद शेष रहते दिल्ली की टीम लुढ़क गई।   
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें