दिल्ली और पुणे के बीच दिल्ली में खेले गए मैच में डेयरडेविल्स ने सुपरजायंट को 7 रन से मात दी। मनोज तिवारी की अर्धशतकीय पारी भी पुणे को जीत नहीं दिला सकी। अंतिम ओवर में जीते के लिए दिल्ली को 25 रन की दरकार थी। मनोज तिवारी ने कमिंस की पहली दो गेंदों में लगातार 2 छक्के जड़कर पुणे की आशाओं को जगाया लेकिन उसके बाद कोई कमाल नहीं दिखा सके। पुणे लक्ष्य से 8 रन पीछे रह गई और दिल्ली ने 7 रन के अंतर से जीत हासिल कर ली। करुण नायर को उनकी शानदार पारी के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
SCORECARD
169 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुणे की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पारी की पहली ही गेंद पर दिल्ली के कप्तान जहीर खान ने अजिंक्य रहाणे को बोल्ड कर पवेलियन वापस भेज दिया। पिछले कुछ मैचों से खामोश चल रहा राहुल का बल्ला एक बार फिर नहीं चला। पारी के पांचवें ओवर में जहीर की गेंद पर राहुल विकेट कीपर पंत को कैच दे बैठे। दसवें ओवर में कप्तान स्मिथ नदीम की गेंद पर एलबीडब्ल्यू हो गए। स्मिथ ने 38 रन बनाए। चौथे विकेट के लिए तिवारी के साथ 51 रन की साझेदारी करने के बाद स्टोक्स बाउंड्री पर कैच दे बैठे। स्टोक्स ने 33 रन बनाए। इसके बाद बल्लेबाजी के लिए आए धोनी को 18वें ओवर में शमी के शानदार थ्रो ने रन आउट कर पवेलियन भेज दिया। यह पुणे को लगा पांचवां झटका था धोनी केवल 5 रन बना सके। धोनी के बाद बल्लेबाजी के लिए आए डेनियल क्रिस्टन 3 रन बनाकर शमी की गेंद पर एलबीडब्ल्यू हो गए। अंतिम ओवर में मनोज तिवारी और वाशिंगटन सुंदर थे। मनोज ने आखिरी ओवर में स्ट्राइक अपने पास रखी। आखिरी गेंद पर वह कमिंस की गेंद पर बोल्ड हो गए। इस तरह पुणे निर्धारित 20 ओवर में केवल 161 रन बना सकी। अंत में सुंदर 5 रन बनाकर नाबाद रहे।
ओपनर करुण नायर की शानदार अर्धशतकीय पारी की बदौलत टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 168 रन बनाए। ऋषभ पंत और करुण नायर के बीच तीसरे विकेट के लिए हुई 74 रन की साझेदारी ने दिल्ली को शुरुआती झटकों से उबारा। नायर पारी की शुरुआत से 19वें ओवर तक एक छोर थामे रहे। दूसरे छोर पर विकेट गिरने का सिलसिला चलता रहा। पंत के आउट होने के बाद सैमुअल्स ने नायर का थोड़ी देर साथ दिया। पुणे ने शानदार फील्डिंग और बॉलिंग की और दिल्ली के बल्लेबाजों को बांधे रखा लेकिन दिल्ली 150 रन के आंकड़े को पार करने में कामयाब रही। पुणे की ओर से बेन स्टोक्स और जयदेव उनादकट सबसे सफल गेंदबाज रहे दोनों ने 2-2 विकेट हासिल किए। इसके अलावा सुंदर,जंपा और क्रिस्टियन ने एक-एक विकेट हासिल किया।
दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। दिल्ली की ओर से करुण नायर और संजू सैमसन ने पारी की शुरुआत की लेकिन पहले ओवर में ही संजू सैमसन 2 रन बनाकर रनआउट हो गए। बेन स्टोक्स के सीधे थ्रो ने सैमसन को पवेलियन लौटने के लिए मजबूर कर दिया। तीसरे ओवर की पहली गेंद पर दिल्ली को दूसरा झटका लगा। उनादकट की गेंद पर पिछले मैच में दिल्ली की जीत के हीरो रहे श्रेयस अय्यर धोनी को कैच दे बैठे। वह केवल 3 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। । इसके बाद बल्लेबाजी के लिए आए ऋषभ पंत और करुण नायर के बीच तीसरे विकेट के लिए 74 रन की साझेदारी हुई। 9वें ओवर में जंपा की गेंद पर ऋषभ को डेनियल क्रिस्टन ने लपक लिया। ऋषभ ने 36 रन बनाए। ऋषभ के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए मार्वन सैमुअल्स ने तेजी से 27 रन बनाए। सैमुअल्स ने डेनियल क्रिस्टन की एक गेंद को विकेट कीपर के ऊपर से खेलने की कोशिश की। धोनी ने शानदार कैच लपककर सैमुअल्स को मैदान छोड़ने के लिए मजबूर कर दिया। धोनी यहीं नहीं रुके वाशिंगटन सुंदर की गेंद पर शानदार स्टंपिग कर उन्होंने कोरी एंडरसन को पवेलियन वापस भेज दिया। 19वें ओवर में तेजी से रन बनाने की कोशिश में करुण नायर स्टोक्स की गेंद पर उनादकट को कैच दे बैठे। उनादकट ने शानदार तरीके से नायर का कैच पकड़ा।करुण नायर 64 रन बनाए। इसके बाद शमी को भी स्टोक्स की शानदार फील्डिंग की वजह से पवेलियन लौटना पड़ा। अंत में शहबाज नदीम 0 और अमित मिश्रा 13 रन बनाकर नाबाद रहे।
दिल्ली के लिए आज का मैच साख बचाने मौका है वहीं पुणे की नजर आज जीत दर्ज कर अंक तालिका में पहले पायदान पर पहुंचने पर है। आज से पहले इन दोनों टीमों के बीच तीन मैच खेले गए हैं जिनमें से एक में दिल्ली और दो में पुणे को जीत हासिल हुई है। इस सीजन में जब ये दोनों टीमें भिड़ी थीं तब संजू सैमसन ने आईपीएल 10 का पहला शतक जड़ते हुए दिल्ली को जीत दिलाई थी। पुणे में खेले गए मुकाबले में दिल्ली ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 205 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके जवाब में पुणे 108 रन पर ढेर हो गई थी।
अंतिम एकादश
दिल्ली: संजू सैमसन, करुण नायर, ऋषभ पंत, श्रेयस अय्यर, मार्वन सैमुअल्स, कोरी एंडरसनस पैट कमिन्स, मोहम्मद शमी, शहबाज नदीम, अमित मिश्रा, जहीर खान
पुणे: अजिंक्य रहाणे, राहुल त्रिपाठी, स्टीव स्मिथ, बेन स्टोक्स, एमएस धोनी, डेनियल क्रिस्टन, मनोज तिवारी, वाशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, जयदेव उनादकट, एडम जंपा