केकेआर के कप्तान गौतम गंभीर को आईपीएल के सबसे सफल कप्तानों में शुमार किया जाता है। गौतम की कप्तानी में आईपीएल के दसवें सीजन में भी केकेआर बेहतरीन प्रदर्शन कर रही है और अंक तालिका में दूसरे पायदान पर बनी हुई है। कोलकाता में विराट कोहली के नेतृत्व वाली आरसीबी को महज 49 रन पर समेटने के बाद गंभीर ने बताया कि दिल्ली के खिलाड़ी इतने एग्रेसिव क्यों होते हैं और गालियां क्यों देते हैं।
गंभीर ने एक इंटरव्यू में यह बात मानी कि दिल्ली के खिलाड़ी ज्यादा गालियां देते हैं। दिल्ली के खिलाड़ी ऐसा मैदान में एग्रेसिव रहने के लिए करते हैं। उन्होंने आगे कहा-यह व्यवहार आप कहीं से सीखते नहीं है यह दिल्ली का कल्चर है। ये बातें दिल्ली के खिलाड़ियों में स्वाभाविक रूप से आ जाती है। आपका ध्यान खेल पर रहता है इसलिए प्रतिस्पर्धा के दौरान इस तरह की घटनाएं हो जाती हैं।
गंभीर ने कहा कि मैदान में हुई इन गतिविधियों को व्यक्तिगत तौर पर नहीं लेना चाहिए। इन्हें मैदान पर ही छोड़ देना चाहिए। आपको मैदान में ये याद रखना पड़ता है कि कहीं आप लाइन क्रॉस तो नहीं कर रहे हैं। आपको यह भी नहीं भूलना चाहिए कि मैदान के बाहर भी आपको लाखों लोग देख रह रहे हैं। इसलिए आपको थोड़ी सावधानी रखनी चाहिए।
हाल ही में विराट कोहली मैदान पर गुजरात लॉयंस के खिलाफ ईशान किशन को गाली देते दिखे थे। ईशान ने 16 गेंद में 39 रन की धुआंधार पारी खेली थी। 213 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही गुजरात लॉयंस के लिए ईशान ने पारी के 19वें ओवर में 20 रन बटोरकर टीम को जीत के करीब ले गए थे। इस दौरान विराट ने उन्हें गाली दी थी जिसे लाखों लोगों ने टीवी पर देखा। इस घटना के बाद विराट सोशल मीडिया पर ट्रोल हुए थे।
साल 2013 में आईपीएल के एक मैच के दौरान गौतम गंभीर और विराट कोहली आपस में भिड़ गए थे। यह भिडंत इतनी ज्यादा हो गई थी कि खिलाड़ियों और अंपायरों को बीच बचाव कर दोनों को अलग किया। इस मुकाबले में बैंगलोर ने कोलकाता को 8 विकेट से मात दी थी। मैच के बाद दोनों को आईपीएल की आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाते हुए आधिकारिक चेतावनी दी गई थी।