भारत ने तीसरे दिन सोमवार का खेल खत्म होने तक दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी में आठ विकेट 132 रनों पर ही चटका दिए थे। भारत ने अपनी पहली पारी नौ विकेट के नुकसान पर 497 रन पर घोषित की थी। इसके बाद तीसरे ही दिन साउथ अफ्रीका को पहली पारी में 162 रनों पर ढेर कर उसे फॉलोऑन दिया। दूसरी पारी में भी दक्षिण अफ्रीका की स्थिति बदल नहीं सकी और टीम लगातार विकेट खोती रही।
रोहित शर्मा के टेस्ट क्रिकेट में पहले दोहरे शतक और अजिंक्य रहाणे की शतकीय पारी के बूते टीम इंडिया ने पहली पारी में 9 विकेट पर 497 रन बनाए थे। फिर भारतीय गेंदबाजों ने भी अपना जादू चलाते हुए दक्षिण अफ्रीका को 162 रन पर समेट दिया। 2001-02 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फॉलोऑन खेलने के बाद ऐसा दूसरी बार था, जब दक्षिण अफ्रीकी टीम लगातार दूसरी बार एक ही सीरीज में फॉलोऑन खेली।
दूसरी पारी में भी भारतीय गेंदबाज पूरी तरह छाए रहे। घातक गेंदबाजी के सहारे भारतीय टीम ने तीसरे दिन तक दक्षिण अफ्रीका को घुटने पर ला दिया। उमेश यादव ने फॉलोऑन खेलने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम को पहला झटका दिया और क्विंटन डिकॉक को क्लीन बोल्ड कर दिया।
डिकॉक पांच रन बनाकर आउट हुए। उमेश के बाद तुरंत ही शमी की शानदार गेंद ने हमजा की गिल्लियां उड़ा दी और मेहमान टीम को दूसरा झटका दे दिया। इसके बाद दक्षिण अफ्रीकी के विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा और शमी की धारधार गेंदबाजी के आगे उनका कोई भी टॉप बल्लेबाज टिक नहीं पाया। भारत के लिए मोहम्मद शमी ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। शहबाज नदीम और उमेश यादव को 2-2 विकेट मिले। जडेजा और अश्विन के खाते में 1-1 विकेट आया।