टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कंगारू टीम की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। जब बुमराह ने विपक्षी कप्तान आरोन फिंच को दूसरे ओवर की तीसरी गेंद पर ही बिना खाता खोले लौटा दिया। सटीक लाइन पर पड़ी जसप्रीत बुमराह की एक गुडलेंथ गेंद पर आरोन फिंच गच्चा खा गए। उनके बल्ले का मोटा किनारा लेते हुए गेंद विकेट के पीछे एमएस धोनी के दस्तानों में समां गई।
दूसरे ओवर में ही लगे इस झटके के बाद बल्लेबाजी में प्रमोट किए गए हरफनमौला खिलाड़ी मार्कस स्टोइनिस ने जबरदस्त खेल दिखाया। उस्मान ख्वाजा के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 87 रन की शानदार साझेदारी की।
इस साझेदारी को तोड़ने के लिए विराट ने अपने सभी गेंदबाजों को आजमा लिया, लेकिन सफलता 21वें ओवर में केदार जाधव को मिली। अर्धशतक की ओर बढ़ रहे इस खिलाड़ी को विराट कोहली ने शॉट मिड विकेट पर लपका। आउट होने से पहले उन्होंने 6 चौके की मदद से 53 गेंदों में 37 रन बनाए।
इसके दो ओवर बाद ही उस्मान ख्वाजा भी आउट हो गए। कुलदीप यादव की एक लेंथ बॉल को मिडविकेट क्षेत्र में मारने के प्रयास में वे विजय शंकर द्वारा लपके गए। इसे कुलदीप यादव की जगह विजय शंकर का कैच कहा जाए तो गलत नहीं होगा। शंकर ने दौड़ते हुए बाउंड्री पर एक दर्शनीय कैच लिया। आउट होने से पहले ख्वाजा ने 76 गेंदों में 5 चौके और एक छक्के की मदद से 50 रन बनाए।
24वें ओवर में चौथा विकेट गिरने के बाद 30वें ओवर की आखिरी गेंद पर पीटर हैंड्सकॉम्ब के रूप में ऑस्ट्रेलिया को चौथा झटका लगा। कुलदीप यादव की ललचाती हुई गेंद पर पीटर हैंड्सकॉम्ब (19) बड़ा शॉट लगाना चाहते थे, लेकिन वे पूरी तरह चूक गए। इसके बाद विकेट के पीछे मुस्तैद धोनी ने उन्हें स्टंपिंग करने में कोई सुस्ती नहीं दिखाई।
इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई के लिए मोहम्मद शमी कहर बनकर टूट पड़े। पहले उन्होंने 37.5 ओवर में डेब्यूटेंट एश्टन टर्नर (21) को क्लीन बोल्ड किया तो फिर इसके बाद अपने अगले ही ओवर में खतरनाकर फॉर्म में चल रहे ग्लेन मैक्सवेल (40) की भी गिल्लियां बिखेर दी।
पांच वन-डे मैच की सीरीज के इस पहले मुकाबले के लिए भारतीय टीम ने रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव को टीम में शामिल किया तो तेज गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह का साथ मोहम्मद शमी और विजय शंकर देंगे।
भारतः रोहित शर्मा, शिखर धवन, विराट कोहली (कप्तान), अंबाती रायुडू, एमएस धोनी, केदार जाधव, विजय शंकर, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह
ऑस्ट्रेलियाः आरोन फिंच (कप्तान) उस्मान ख्वाजा, मार्कस स्टोइनिस, ग्लेन मैक्सवेल, एस्टन टर्नर, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), नाथन कोल्टर नाइल, पैट कमिंस, पीटर हैंड्सकॉम्ब, एडम जंपा, जेसन बेहरनडॉर्फ