तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला के पहले दो मैच 27 और 29 नवंबर को सिडनी और तीसरा मैच दो दिसंबर को मनुका ओवल कैनबरा में खेला जाएगा। इसके बाद तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला खेली जाएगी। इसका पहला मैच मनुका ओवल कैनबरा में चार दिसंबर को जबकि अगले दो मैच छह और आठ दिसंबर को सिडनी में होंगे। इस तरह से सीमित ओवरों की श्रृंखला केवल दो शहरों सिडनी और कैनबरा में खेली जाएगी।
एडिलेड में दिन रात्रि टेस्ट मैच से टेस्ट श्रृंखला का आगाज होगा। बता दें कि इससे पहले इन दोनों टीमों ने कभी दिन रात्रि टेस्ट मैच नहीं गंवाया है। ऑस्ट्रेलिया ने एडिलेड में गुलाबी गेंद से न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड और पाकिस्तान को हराया है जबकि भारत ने अपना एकमात्र दिन रात्रि टेस्ट मैच पिछले साल कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला था, जिसमें उसने बांग्लादेश को पराजित किया था।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अंतरिम सीईओ निक हॉकल ने कोविड-19 महामारी के बावजूद श्रृंखला का कार्यक्रम तैयार करने में रचनात्मक भूमिका निभाने के लिए बीसीसीआई का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि हम इस दौरे को लेकर पिछले कई महीनों से बीसीसीआई के साथ मिलकर काम कर रहे थे और इस तरह के मुश्किल समय में इस दौरे के लिये पेशेवर और पूरी तरह से सहयोगी रवैया अपनाने के लिये हम बीसीसीआई के आभारी हैं।
हॉकले ने इसके साथ ही कहा कि बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच में दर्शकों को आने की अनुमति दी जा सकती है। इसके बोर्ड विक्टोरिया की प्रांतीय सरकार के साथ मिलकर काम रहा है। उन्होंने कहा कि हम इस मैच के लिये दर्शकों की उपस्थिति को लेकर विक्टोरिया सरकार और मेलबर्न क्रिकेट क्लब के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।