बंगलूरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में बुधवार को खेले गए सीरीज के तीसरे और अंतिम ट्वंटी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड को तीन विकेट से हरा दिया।
हार के बाद मेहमान टीम न्यूजीलैंड ने यह टी-20 सीरीज 2-1 के अंतर से जीत ली है। इससे पहले भारतीय टीम ने वनडे सीरीज पर 3-2 से कब्जा जमाया था।
न्यूजीलैंड की ओर से जीत के लिए रखे गए 127 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने छह गेंद शेष रहते सात विकेट पर विजयी लक्ष्य हासिल कर लिया।
भारत की ओर से वेदा कृष्णामूर्ति ने 34 जबकि वेलास्वामी वनिता ने 28 रनों की पारी खेली। अनुजा पाटिल ने 22 रनों का योगदान दिया वहीं लतिका कुमारी 15 रन बनाकर आउट हुईं। न्यूजीलैंड की ओर से सोफी डिवाइन, कासपेरेक और केट ब्रोडमोर ने दो-दो विकेट झटके।
इससे पहले, भारत ने टॉस जीतकर न्यूजीलैंड को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। न्यूजीलैंड ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 126 रन बनाए। उसकी ओर से सलामी बल्लेबाज सूजी बेट्स ने सर्वाधिक 34 रन बनाए।
कप्तान सोफी डिवाइन ने 18 जबकि केट ब्रोडमोर ने नाबाद 15 रनों की पारी खेली। रेचेल प्रीस्ट और नताली डोड ने 14-14 रनों का योगदान दिया। मैडी ग्रीन ने 10 रन बनाए। भारत की ओर से राजेश्वरी गायकवाड़ ने तीन सफलताएं अर्जित की। पूनम यादव और एकता बिष्ट ने दो-दो विकेट झटके।