भारत का महिला एशिया कप के ग्रप ए मुकाबले में नेपाल से सामना होना है। इससे पहले भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा कि क्रिकेट उनके लिए भगवान की तरह है क्योंकि इसने उन्हें सबकुछ दिया है। भारतीय टीम नेपाल के खिलाफ जीत की हैट्रिक लगाने के इरादे से उतरेगी। अपने खिताब का बचाव करने उतरी महिला टीम ने अब तक टूर्नामेंट में दोनों मैच जीते हैं।
भारतीय टीम ग्रुप ए में शीर्ष पर मौजूद है और सेमीफाइनल में जगह लगभग पक्की कर चुकी है और अपना अंतिम ग्रुप चरण का मुकाबला जीतकर लय बरकरार रखना चाहेगी। भारत ने इससे पहले चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को हराया था।
'क्रिकेट के बिना मैं कुछ नहीं होती'
हरमनप्रीत ने एक स्पोर्ट्स चैनल से कहा, क्रिकेट मेरे लिए सबकुछ है। क्रिकेट के बिना मैं सोच भी नहीं सकती कि क्या होती। क्रिकेट ने मुझे जो नाम दिया है वो कोई भी फील्ड नहीं दे सकता था। इसलिए मेरे लिए क्रिकेट भगवान की तरह है। बचपन में और खेलते समय जो भी सपना मैंने देखा था, वो सबकुछ क्रिकेट ने पूरा किया है।
हरमनप्रीत ने इस पल को याद किया जब उन्होंने पहली बार भारतीय टीम की जर्सी पहनी थी। हरमनप्रीत ने जर्सी पहनकर फोटो ली थी और इसे लेकर असमंजस में थीं कि पहले वो फोटो अपने माता-पिता के साथ शेयर करें या कोच को भेजें। हरमनप्रीत ने कहा, मैदान के बाहर जब मैंने पहली बार भारतीय टीम की जर्सी पहनी थी, उस वक्त मैंने इसकी फोटो ली थी और मैं सोच रही थी कि कौन सबसे पहले इस फोटो को देखने का हकदार है। मैंना सोचा कि किसे ये फोटो भेजूं, अपने माता-पिता को या कोच, जिन्होंने मुझे यह प्लेटफॉर्म दिया और अपने स्कूल में मेरा एडमिशन कराया।
हरमनप्रीत ने बताया कि 2017 आईसीसी महिला विश्व कप के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 115 गेंदों पर नाबाद 171 रन की पारी खेलना मैदान पर उनका सबसे पसंदीदा पल है।