भारतीय टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत टेस्ट क्रिकेट में अपना पांचवां स्थान बरकरार रखने के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने इस संबंध में कप्तान रोहित शर्मा के साथ हुई बातचीत का भी खुलासा किया है। पंत पहले निचले क्रम पर बल्लेबाजी करने के लिए उतरते थे, लेकिन उनका मानना है कि थोड़ा ऊपरी क्रम पर बल्लेबाजी करने के लिए आने से बड़े रन बनाने का अवसर मिलता है।
पंत ने बातचीत के दौरान कहा, जब बल्लेबाज निचले क्रम पर बल्लेबाजी के लिए उतरता है तो यह अलग होता है। मैंने इस बारे में रोहित भाई से भी बातचीत की है। पहले जब मैं छठे या सातवें स्थान पर बल्लेबाजी के लिए आता था तो बड़े स्कोर या शतक लगाने के अवसर सीमित होते थे। मैं यह उनसे कहा क्योंकि मैं दूसरे माइंड सेट के साथ खेल रहा था। जब आप ऊपरी क्रम पर आकर खेलते हो तो एक नियमित बल्लेबाज की तरह खेलने लगते हो और साझेदारी बनाते हो जिससे आपको रन बनाने के मौके मिलते हैं। अगर मैं निचले क्रम पर बल्लेबाजी के उतरूंगा तो 70 या 80 रन बनाऊंगा। पांचवें नंबर पर शतक लगाने का भी अवसर रहेगा। इसके अलावा अर्धशतक और दोहरा शतक लगाने का भी मौका मिलेगा।
पंत ने बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट में की दमदार वापसी
पंत को चेन्नई में बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की दोनों पारियों में केएल राहुल से ऊपर पांचवें स्थान पर भेजा गया। उन्होंने मध्य क्रम में बल्लेबाजी करके टीम प्रबंधन का भरोता जीता है। पहली पारी में जब भारत ने 34 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे, उस वक्त पंत बल्लेबाजी के लिए आए थे। पंत ने इस दौरान यशस्वी जायसवाल के साथ मिलकर 62 रनों की साझेदारी की। हालांकि 39 रन के स्कोर पर आक्रमक शॉट खेलने के कारण उनकी पारी का अंत हुआ। दूसरी पारी में पंत ने शानदार बल्लेबाजी की। तीसरे दिन कठिन स्थिति में पंत ने अपने टेस्ट करियर का छठा शतक जड़ा और साबित किया कार दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्होंने जोरदार वापसी की है। पंत ने 128 गेंदों पर 109 रनों की पारी खेली जिसमें 13 चौके और चार छक्के शामिल थे। पंत ने शुभमन गिल के साथ मिलकर 167 रनों की साझेदारी की जिससे भारत ने दूसरी पारी चार विकेट पर 287 रन पर घोषित की और 514 रनों की बढ़त हासिल की।
भारत का टेस्ट में लंबा कार्यक्रम है और उसे बांग्लादेश के बाद न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। इसे देखते हुए पंत मध्य क्रम में काफी महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं विशेषकर दबाव भरे मैच में उनकी उपयोगिता भारत के लिए अहम होगी। पंत अब अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील कर रहे हैं। रोहित शर्मा का साथ भी पंत के लिए महत्वपूर्ण है। पंत पांचवें नंबर पर हर अवसर को भुनाना चाहते हैं जो उनके टेस्ट करियर के अगले चरण को परिभाषित करता है।