भारतीय टीम के ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने इंग्लैंड के खिलाफ 15 नवंबर से शुरू होने वाली चार टेस्ट मैचों की सीरीज को बदला लेने वाली सीरीज मानने से इंकार कर दिया। सहवाग ने कहा कि भारतीय टीम के दिल में इंग्लैंड के लिए किसी भी तरह की बदले जैसी कोई भावना नहीं है और हमारा लक्ष्य सिर्फ सीरीज जीतना है।
पिछले साल भारत ने इंग्लैंड दौरे में चार मैचों की सीरीज 0-4 से गंवाई थी। सहवाग को इस सीरीज का बेसब्री से इंतजार हैं क्योंकि वह अपने 100वें टेस्ट को लेकर काफी उत्साहित हैं।
सहवाग ने कहा, ‘इंग्लैंड के खिलाफ शुरू हो रही सीरीज में बदले जैसी कोई भावना नहीं है। क्रिकेटर बदले जैसी भावना के साथ मैदान में नहीं उतरते हैं। हमारा लक्ष्य सिर्फ इस सीरीज को जीतना रहेगा। बदले जैसा शब्द मीडिया अपने शो को चलाने के लिए इस्तेमाल करता है।
इंग्लैंड एक मजबूत टीम है और उसके खिलाफ हमारी तैयारी अच्छी चल रही है। सीरीज से पहले सभी खिलाड़ी प्रथम श्रेणी मैच खेल रहे हैं ताकि वे सीरीज से पहले अपनी लय में लौट सकें। इंग्लैंड के लिए भारतीय जमीन पर सीरीज आसान नहीं होगी और उन्हें भी यहां जीतने के लिए संघर्ष करना पड़ेगा।’ भारतीय कोच डंकन फ्लेचर के अभी टीम के साथ न होने के बारे में पूछे जाने पर सहवाग ने कहा कि नौ नवंबर से टीम का शिविर लगेगा और कोच तब टीम के साथ जुड़ जाएंगे।