दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम ने पहला टेस्ट 113 रन से जीत लिया है। पहले टेस्ट में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और पहली पारी में 327 रन बनाए। यहीं भारतीय टीम इस मैच में आगे हो गई थी और फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। सेंचुरियन के मैदान में भारत की यह पहली जीत है। इस जीत पर बात करते हुए भारतीय चयनकर्ता और पूर्व ऑफ स्पिनर सरनदीप सिंह ने कहा है कि भारत को अफ्रीका को उसके घर में 3-0 से हरा सकता है। अगर भारत ऐसा कर पाता है तो यह पहला मौका होगा, जब भारतीय टीम अफ्रीका में कोई टेस्ट सीरीज जीतेगी।
सरनदीप ने कहा कि अफ्रीका की बल्लेबाजी काफी कमजोर है और रन बनाने की जिम्मेदारी डीन एल्गर, एडेन मार्करम और क्विंडन डिकॉक पर है। अब डिकॉक भी टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। उनके अनुसार चुनिंदा बल्लेबाजों पर रन बनाने का दारोमदार रहेगा तो अफ्रीका कोई टेस्ट मैच नहीं जीत पाएगी, क्योंकि भारत के तेज गेंदबाज बहुत बेहतरीन हैं। उन्होंने जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज की तारीफ करते हुए कहा कि अगर दूसरे दिन बारिश नहीं हुई होती तो यह मैच तीन या चार दिन में ही खत्म हो गया होता।
सेंचुरियन मे भारत की पहली जीत
यह पहला मौका है, जब भारतीय टीम ने सेंचुरियन के मैदान में कोई टेस्ट मैच जीता है। इससे पहले भारत ने इस मैदान में दो टेस्ट मैच खेले थे और दोनों में हार का सामना करना पड़ा था। वहीं अफ्रीका इस मैदान में दो ही टेस्ट मैच हारी थी। 2014 के बाद भारत ने उसे यहां हराया है। विराट कोहली पहले भारतीय कप्तान हैं, जिन्होंने सेंचुरियन फतेह किया है और अफ्रीका में दो मैच जीतने वाले भी कोहली पहले भारतीय कप्तान हैं। इस देश में भारत ने सिर्फ चार टेस्ट जीते हैं। भारत पहली एशियाई टीम है, जिनसे अफ्रीका को सेंचुरियन के मैदान में हराया है। इससे पहले इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया ने यह कारनामा किया था।
सरणदीप सिंह ने कोच राहुल द्रविड़ को बधाई देते हुए कहा कि यह भारतीय टीम के लिए बहुत ही खास लम्हा है। भारत के तेज गेंदबाज बहुत ही शानदार हैं। हम हमेशा बल्लेबाजों की बात करते हैं, लेकिन शमी, बुमराह और सिराज की तिकड़ी कमाल की है। इन तीनों ने अफ्रीका को पहली बार सेंचुरियन में दोनों पारियों में 200 के अंदर आउट किया। यह आसान काम नहीं था। रवि शास्त्री और भरत अरुण को भी इसका श्रेय मिलना चाहिए। इन दोनों ने पिछले चार-पांच सालों में काफी मेहनत की है।
लगातार बेहतर हो रहें राहुल और मयंक
इस मैच में लोकेश राहुल और मयंक अग्रवाल ने भारत को शानदार शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 117 रन जोड़े और जीत की नींव रखी। वहीं राहुल ने 123 रन की पारी खेली। उन्होंने कहा कि मयंक ने लंबे समय तक बेंच में बैठने के बाद भी शानदार बल्लेबाजी की और राहुल लगातार बेहतर खिलाड़ी बनते जा रहे हैं। पहले वो टी-20 में ओपनिंग किया करते थे, अब टेस्ट में भी ऐसा कर रहे हैं। वो ऐसे खिलाड़ी हैं, जो मध्यक्रम में भी खेल सकते हैं।
अफ्रीका को पहले मैच में हराने के साथ ही भारत ने तीन मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली है। शरणदीप के अनुसार भारत यह सीरीज 3-0 से जीत सकता है।