भारत और इंग्लैंड के बीच बुधवार से बर्मिंघम के एजबेस्टन में पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच खेला जाना है, लेकिन इससे पहले ही संदिग्ध पैकेट मिलने से हड़कंप मच गया। दरअसल, भारतीय टीम जिस इलाके में ठहरी है वहां पास के सेंटेनरी स्क्वायर में संदिग्ध पैकेट मिला जिसके बाद एहतियातन भारतीय टीम के सदस्यों को बाहर निकलने से मना किया गया है।
बीसीसीआई सूत्र ने की पुष्टि
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के एक सूत्र ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से पुष्टि की है कि बर्मिंघम सिटी सेंटर पुलिस की ओर से सोशल मीडिया पर पोस्ट के बाद खिलाड़ियों को बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है। भारतीय क्रिकेटर आमतौर पर टीम होटल के नजदीक इलाकों में घूमते हैं और दूसरे टेस्ट से पहले वे अक्सर ब्रॉड स्ट्रीट पर जाते थे।
टीम के 10 सदस्यों ने किया आराम
कप्तान शुभमन गिल सहित कुल आठ खिलाड़ियों ने मंगलवार को एजबेस्टन में अभ्यास किया, जबकि टीम के 10 अन्य सदस्यों ने विश्राम किया। बर्मिंघम सिटी सेंटर पुलिस की ओर से एक्स पर पोस्ट में लिखा गया, 'हमने बर्मिंघम सिटी सेंटर के सेंटेनरी स्क्वायर के आसपास घेरा बना रखा है और हम एक संदिग्ध पैकेट की जांच कर रहे हैं। हमें दोपहर तीन बजे से ठीक पहले इसकी जानकारी मिली थी। एहतियात के तौर पर कई इमारतों को खाली करा लिया गया है, जबकि इसकी जांच की जा रही है। कृपया उस इलाके में जाने से बचें।' पुलिस ने हालांकि एक घंटे के बाद सुरक्षा घेरा हटा लिया।
सीरीज में वापसी करने उतरेगी टीम
भारतीय टीम पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में 0-1 से पीछे चल रही है। भारतीय टीम की नजरें बर्मिंघम में होने वाले टेस्ट से वापसी करने पर रहेगी। भारत के लिए बर्मिंघम टेस्ट में वापसी करना आसान नहीं होगा। बर्मिंघम में 1967 से भारतीय टीम ने आठ मैच खेले हैं जिसमें सात में उसे हार का सामना करना पड़ा है, जबकि एक मुकाबला ड्रॉ रहा है।