ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 22 फरवरी से शुरू हो रहे चार टेस्ट मैचों की सीरीज के शुरुआती दो मैचों के लिए चयनित 15 सदस्यीय भारतीय टीम ने यहां के नेशनल क्रिकेट एकेडमी में शनिवार से तीन दिवसीय अभ्यास सत्र शुरू कर दिया। महेंद्र सिंह धोनी एंड कंपनी की भारतीय यहां से 19 फरवरी को चेन्नई के लिए रवाना होगी जहां पहला टेस्ट खेला जाना है।
टीम के मुख्य कोच डंकन फ्लेचर सहित सपोर्ट स्टॉफ के संग यहां पहुंची भारतीय टीम को अभ्यास कराने के लिए 15 युवा और अनजान गेंदबाजों को बुलाया गया है जो सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग जैसे दिग्गजों को अभ्यास कराएंगे।
इन 15 युवा प्रतिभाओं में नौ तेज गेंदबाज हैं जबकि छह स्पिनर हैं जिन्हें मुंबई, चेन्नई और मोहाली स्थिति बीसीसीआई के क्षेत्रीय अकादमियों से विशेष प्रशिक्षण के आधार पर चुना गया है। टीम को इस तरह से तैयारी कराने की यह योजना एनसीए के डायरेक्टर आफ आपरेशंस और मुख्य चयनकर्ता संदीप पाटिल ने बनाई है।
टीम इंडिया कैंप में लौटे सचिन
वन-डे क्रिकेट से संन्यास की घोषणा के बाद सचिन तेंदुलकर पहली बार टीम इंडिया के कैंप में शामिल हुए। सचिन का इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। लिहाजा वह नेट पर जमकर अभ्यास करते देखे गए। उन्होंने विराट कोहली के साथ लगभग 45 मिनट तक जमकर बल्लेबाजी का अभ्यास किया। तकरीबन दो महीने बाद टीम से जुड़े सचिन बिल्कुल सामान्य दिखे और उन्होंने अपना पूरा ध्यान अभ्यास पर ही लगाया।