ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 22 फरवरी से शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए पहले दो टेस्ट से बाहर किए गए ओपनर गौतम गंभीर ने शतक ठोककर लय हासिल कर ली है। पिछले काफी समय से गंभीर का बल्ला खामोश था और इसका खामियाजा उन्हें टेस्ट टीम से बाहर होकर चुकाना पड़ा। लेकिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यहां तीन दिवसीय अभ्यास मैच के पहले दिन गंभीर ने शानदार शतक ठोका। अपनी 112 रन की पारी में गंभीर ने 162 गेंद खेलते हुए 13 चौके और तीन छक्के जड़े।
मनोज, रोहित ने भी ठोका पचासा
गंभीर की इस पारी से भारत ‘ए’ टीम ने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक चार विकेट पर 338 रन बनाकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। गंभीर के इस शतक से प्रेरणा लेकर मनोज तिवारी और रोहित शर्मा ने भी अर्धशतकीय पारी खेली और ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को पसीना बहाने के लिए मजबूर कर दिया। स्टंप्स तक मनोज तिवारी 77 और मुरलीधरन गौतम 34 रन बनाकर क्रीज पर टिके हुए थे। ऑस्ट्रेलिया की ओर से स्पिनर जेवियर डोहार्टी सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने तीन विकेट चटकाए। एक विकेट मीडियम पेसर मोइसिस हेनरिक्स ने लिया।
भारत 'ए' ने टॉस जीता
सुबह, इंडिया ‘ए’ के कप्तान गौतम गंभीर ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। ओपनर गौतम गंभीर ने युवा बल्लेबाज जीवनजोत सिंह के साथ पहले विकेट के लिए 67 रन जोड़कर टीम को सधी हुई शुरुआत दिलाई। जीवनजोत अपनी पारी को ज्यादा आगे नहीं ले जा सके और 24 रन बनाकर डोहार्टी का शिकार बने। दूसरे विकेट के लिए रोहित शर्मा और गंभीर ने 128 रन की साझेदारी निभाई।
इस बीच, गंभीर अपना शतक पूरा करने के बाद हेनरिक्स की गेंद पर पवेलियन लौट गए। तीसरे विकेट के लिए रोहित का साथ देते हुए मनोज तिवारी ने 71 रन जोड़े। रोहित शर्मा 144 गेंद में आठ चौके और तीन छक्कों के साथ 77 रन बनाकर डोहार्टी का दूसरा शिकार बने। जल्दी ही डोहार्टी ने अभिषेक नायर (04) को भी पवेलियन की राह दिखा दी। जल्द दो विकेट गिरने के बाद मनोज तिवारी ने मुरलीधरन के साथ पारी को संभाला और दिन का खेल खत्म होने तक अपने विकेट बचाए रखे।