साल 2022 अब तक भारतीय क्रिकेट के लिए अच्छा नहीं रहा है। इस साल भारतीय टीम पांच मैच खेल चुकी है और सभी में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा है। टेस्ट सीरीज 1-2 से हारने के बाद भारत वनडे सीरीज भी 0-3 से हार गया। यह पहला मौका था, जब अफ्रीकी टीम ने तीन या उससे ज्यादा मैचों की वनडे सीरीज में भारत का सूपड़ा साफ किया। इस करारी हार के बाद कई सवाल उठ रहे हैं। टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली के ऊपर भी कई तरह के सवाल खड़े किए जा रहे हैं।
विराट ने टेस्ट सीरीज हारने के बाद टेस्ट की कप्तानी भी छोड़ दी थी और ऐसा माना जा रहा था कि कप्तानी बोझ कम होने के बाद विराट पुरानी लय में दिखेंगे और लंबी पारियां खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाएंगे। वनडे सीरीज में पुराने विराट तो दिखे नहीं, लेकिन उनकी नई कमजोरी जरूर सामने आती दिख रही है। अपने करियर की शुरुआत में दुनिया के दिग्गज फिरकी गेंदबाजों की पिटाई करके नाम बनाने वाले विराट अब स्पिन गेंदबाजी के सामने फेल होते दिख रहे हैं। कम से कम उनकी पिछली पांच पारियों के आंकड़े यही कहानी बताते हैं।
पिछली पांच पारियों में विराट का प्रदर्शन
वनडे में विराट पिछली पांच पारियों में स्पिन गेंदबाज के खिलाफ ही आउट हुए हैं। इसमें ऑफ स्पिन, लेग स्पिन, चाइनामैन और बाएं हाथ के ऑफ स्पिन गेंदबाज भी शामिल हैं। इसका मतलब है कि विराट को किसी खास तरह के स्पिनर या खास गेंदबाज से परेशानी नहीं है, बल्कि वो अपनी गलती से विकेट गंवा रहे हैं। इस दौरान विराट तीन बार तो सेट होने के बाद स्पिन गेंदबाज को अपना विकेट देकर गए हैं।
पिछली पांच पारियों में कैसे आउट हुए विराट
- दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 65 रन बनाने के बाद बाएं हाथ के स्पिनर केशव महाराज की गेंद पर कैच आउट हुए।
- दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बाएं हाथ के स्पिनर केशव महाराज की गेंद पर बिना खाता खोले कैच आउट।
- दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 51 रन बनाकर चाइनामैन तबरेज शमसी की गेंद पर कैच आउट हुए।
- इंग्लैंड के खिलाफ मैच में सात रन बनाने के बाद ऑफ स्पिनर मोईन अली की गेंद पर बोल्ड हो गए।
- इंग्लैंड के खिलाफ मैच में 66 रन बनाने के बाद लेग स्पिनर आदिल रशीद की गेंद पर विकेटकीपर के हाथों कैच आउट हुए।
स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ शानदार है रिकॉर्ड
स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ विराट का ओवरऑल रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। उन्होंने 181 वनडे पारियों में स्पिन गेंदबाजी का सामना किया है और 71.93 के औसत से 4460 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट भी 93.55 का रहा है। 181 पारियों में वो सिर्फ 62 बार स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ आउट हुए हैं। इससे यह तो साफ है कि विराट को शुरुआत से स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ कोई परेशानी नहीं थी, लेकिन अब उन्हें स्पिनर्स के खिलाफ समस्या आ रही है।
भारतीय पिच हों या विदेशी पिच। कोहली फिरकी के फेर में फंस रहे हैं और टीम इंडिया भी मुश्किल में आ रही है। पिछली पांच पारियों में कोहली सेट होने के बाद ऐसे समय पर आउट हुए, जब उन्हें सिर्फ खेल को आगे ले जाना था। हर ओवर में चार से पांच या छह रन बनाते हुए उन्हें अपनी पारी आगे बढ़ानी थी, लेकिन विराट गलत समय पर आउट हुए और भारतीय टीम परेशानी में आई। उन्हें जल्द ही इस परेशानी का तोड़ ढूंढ़ना होगा।