एशिया कप 2022 में भारत का दूसरा मुकाबला हॉन्ग कॉन्ग की टीम के साथ है। क्रिकेट की दुनिया में इस टीम का नाम काफी कम सुना गया है। टीम इंडिया अब तक हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ दो ही वनडे मैच खेली है और दोनों में जीत हासिल की है। भारतीय टीम पहली बार हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ कोई टी20 मैच खेलेगी। इस मुकाबले में जीत हासिल करना भारत के लिए बहुत मुश्किल नहीं होगा। हालांकि, हॉन्ग कॉन्ग की टीम काफी चौकाने वाली है।
एशिया कप के मुख्य दौर में पहुंचने वाली हॉन्ग कॉन्ग टीम में कोई खिलाड़ी वहां का स्थानीय निवासी नहीं है। 17 सदस्यीय टीम में 12 खिलाड़ी पाकिस्तान के हैं। चार खिलाड़ी भारत के हैं और एक खिलाड़ी इंग्लैंड का है। खास बात यह है कि किसी भी लीग में भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ी साथ में नहीं खेलते हैं, लेकिन हॉन्ग कॉन्ग की टीम में दोनों देशों के खिलाड़ी साथ खेलते हैं। हालांकि, इस टीम के लिए खेलने वाले खिलाड़ियों का भारत और पाकिस्तान से भले ही संबंध हो, लेकिन किसी का भी संबंध बीसीसीआई या पीसीबी से नहीं है।
कप्तान पाकिस्तानी और उपकप्तान भारतीय
हॉन्ग कॉन्ग की टीम के कप्तान निजाकत खान पाकिस्तान के पंजाब से हैं। उनका जन्म अटोक में हुआ था। वहीं, टीम के उपकप्तान किंचित शाह का नाता भारत से है। उनका जन्म महाराष्ट्र के मुंबई शहर में हुआ था। इसके अलावा टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज स्कॉट मैकेंजी इंग्लैंड मूल के हैं। हॉन्ग कॉन्ग के स्थानीय लोगों में क्रिकेट के प्रति रुचि कम है। इसी वजह से वहां के लोग अच्छे क्रिकेटर भी नहीं हैं।