भारतीय टीम सीमित ओवरों की सीरीज के लिए श्रीलंका रवाना हो गई है। टीम को इस दौरे पर तीन मैचों की टी20 सीरीज और इतने ही मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है। भारतीय टीम के नवनियुक्त मुख्य कोच गौतम गंभीर मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के तुरंत बाद मुंबई से श्रीलंका के लिए रवाना हुए। हार्दिक पांड्या भी टीम के साथ रवाना हुए हैं। मुंबई एयरपोर्ट पर उस समय एक दिलचस्प दृश्य देखने मिला, जब हार्दिक ने इस दौरे के लिए सहायक स्टाफ के तौर पर गए अभिषेक नायर को गले लगाया।
खिलाड़ी के तौर पर हिस्सा लेंगे हार्दिक
हार्दिक इस सीरीज में एक खिलाड़ी के तौर पर हिस्सा लेंगे। वह टी20 विश्व कप में टीम के उपकप्तान थे, लेकिन उनकी जगह शुभमन गिल को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। हार्दिक रोहित शर्मा के बाद टी20 टीम के कप्तान के तौर पर सबसे प्रबल दावेदार के रूप में जाने जा रहे थे, लेकिन उनकी जगह सूर्यकुमार यादव को टीम का कप्तान बनाया गया। मालूम हो कि रोहित ने टी20 विश्व कप की खिताबी जीत के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास ले लिया था। हालांकि, अगरकर ने बताया कि कप्तान बदलने का फैसला लेते वक्त हार्दिक और सूर्यकुमार समेत सभी खिलाड़ियों से बात की गई थी।
हार्दिक को कप्तानी नहीं देने पर क्या बोले अगरकर?
अगरकर से प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब हार्दिक की जगह सूर्यकुमार को कमान सौंपने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, पांड्या अब भी हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण खिलाड़ियों में से एक हैं। हम चाहते हैं कि वह वो खिलाड़ी बनें जो वह बन सकते हैं। जो स्किल उनके पास है उन्हें ढूंढ़ना बेहद मुश्किल है। हालांकि, उनके लिए फिटनेस वाकई चुनौतीपूर्ण रहा है। ऐसे में कोच, चयनकर्ता और टीम मैनेजमेंट के लिए थोड़ा मुश्किल हो जाता है। हमारे पास अगले टी20 विश्व कप से पहले काफी समय है। ऐसे में हम कुछ चीजों को आजमाना चाहेंगे और देखेंगे स्थिति कैसी रहती है, लेकिन हार्दिक अब भी हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं।