इंडिया ए के गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड की टीम को दूसरे अनधिकृत टेस्ट मैच के पहले दिन महज 211 पर समेट दिया। जवाब में पहले दिन का खेल समाप्त होने तक इंडिया ए ने एक विकेट पर 33 रन बना लिए थे। कृत्रिम रोशनी के कारण यह मैच दिन-रात्रि का नहीं हो पाया लेकिन इसमें प्रायोगिक तौर पर गुलाबी गेंद का इस्तेमाल किया गया।
पहले बल्लेबाजी का चयन करने वाली न्यूजीलैंड की टीम ने इस बार हालांकि कुछ बेहतर किया। पहले अनधिकृत टेस्ट की दोनों पारियों में टीम 150 से पार नहीं जा सकी थी। चौथे विकेट पर कोलिन मुनरो (65) और जीत रावल (48) ने 82 रन जोड़े। मुनरो आईपीएल में कोलकाता नाइटराइडर्स की ओर से खेलते हैं। निचले क्रम में टिम सेफर्ट (44 नाबाद) ने संघर्ष करने का माद्दा दिखाया। मेहमान टीम के छह बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए।
तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर (3/34), लेग स्पिनर कर्ण शर्मा (3/49) और बाएं हाथ के स्पिनर शाहबाज नदीम (2/41) ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया। वायरल से पीड़ित युवा विकेटकीपर ऋषभ पंत की जगह अनुभवी पार्थिव पटेल को बुलाया गया। पंत को एहतियात को तौर पर भी आराम दिया गया है क्योंकिउनके टी-20 मैचों की सीरीज में चयनित होने की संभावना है।