महेंद्र सिंह धोनी, रोहित शर्मा और विराट कोहली
- फोटो : सोशल मीडिया
भारत और श्रीलंका की टीमें एशिया कप के फाइनल में आमने-सामने हैं। दोनों के बीच यह मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में रविवार (17 सितंबर) को खेला जा रहा है। टीम इंडिया की नजर पांच साल बाद खिताब जीतने पर है। वह पिछली बार 2018 में रोहित शर्मा की कप्तानी में ही चैंपियन बनी थी। रोहित उस सफलता को दोहराना चाहेंगे। उस टीम में सीमित ओवरों में भारत के सबसे सफल कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी खेल रहे थे। वह इस बार टीम में नहीं हैं। धोनी ने 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था।
एशिया कप इतिहास में पिछले दो दशक में भारत का यह पहला फाइनल है जिसमें धोनी नहीं खेल रहे हैं। पिछली बार 2004 में जब टीम इंडिया श्रीलंका के खिलाफ खिताबी मुकाबले में उतरी थी तब धोनी नहीं थे। भारत वह फाइनल 25 रन से हार गया था। उसके बाद से टीम 2018 तक चार फाइनल खेली। हर बार धोनी प्लेइंग-11 में थे।
एशिया कप 2016
- फोटो : सोशल मीडिया
धोनी के रहते फाइनल में भारत का प्रदर्शन:
- 2008 में धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में 100 रन से हार गई थी।
- 2010 में श्रीलंका को ही 81 रन से हराकर टीम इंडिया ने खिताब जीता। धोनी अपनी कप्तानी में पहली बार ट्रॉफी उठाने में सफल रहे।
- 2016 में जब एशिया कप का आयोजन टी20 फॉर्मेट में हुआ तब भारत ने बांग्लादेश को हराकर खिताब पर कब्जा किया। धोनी की कप्तानी में भारत दूसरी बार एशिया कप जीता।
- 2018 में वनडे फॉर्मेट में एशिया कप की वापसी हुई। इस बार धोनी कप्तान नहीं थे। रोहित शर्मा के नेतृत्व में टीम इंडिया ने फाइनल में बांग्लादेश को तीन विकेट से हराया।
रोहित शर्मा और विराट कोहली
- फोटो : सोशल मीडिया
कोहली-रोहित फाइनल में सात साल बाद साथ खेलेंगे
एशिया कप के फाइनल में विराट कोहली और रोहित शर्मा सात साल बाद साथ खेल रहे हैं। पिछली बार 2016 में दोनों बांग्लादेश के खिलाफ खिताबी मुकाबले में उतरे थे। तब एशिया कप का आयोजन टी20 फॉर्मेट में हुआ था। 2018 में जब वनडे में फॉर्मेट में टूर्नामेंट खेला गया तो टीम इंडिया फाइनल जीती थी। कोहली टीम में नहीं थे। उनके स्थान पर रोहित ने कप्तानी की थी। अगर वनडे फॉर्मेट की बात करें तो रोहित और कोहली 13 साल बाद एशिया कप के फाइनल में खेल रहे हैं। 2010 में जब टीम चैंपियन बनी थी तब कोहली और रोहित दोनों टीम के सदस्य थे। उससे पहले 2008 में रोहित फाइनल में खेले थे, लेकिन कोहली टीम में नहीं थे।