गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में आईसीसी वर्ल्ड कप के शुभारंभ होते ही वर्ल्ड कप का बिगुल बज चुका है। क्रिकेट का यह महाकुंभ शनिवार से शुरु हो जाएगा।
लेकिन क्रिकेट के प्रशंसकों के लिए सबसे बड़ा दिन रविवार को है। इस दिन टीम इंडिया अपनी कट्टर प्रतिद्वंद्वी टीम पाकिस्तान से भिड़ेगी। इस रोचक मुकाबले पर पूरी दुनिया की नजरें रहेगी।
वनडे वर्ल्ड कप इतिहास में जाएं तो भारत और पाकिस्तान पांच बार आमने-सामने हुए हैं। 1992, 1996, 1999, 2003 और 2011 में दोनों के बीच मैच हुए। इन पांचों में काफी रोचक भिड़त देखने को मिली। इन पांचों मुकाबलों में पाकिस्तान को ही हार का सामना करना पड़ा था।
भारतीय प्रशंसकों द्वारा इस वर्ष भी यही उम्मीद जताई जा रही है कि टीम इंडिया इस बार भी पाकिस्तान को धूल चटाएगी।
पाकिस्तान के पास है एक खास हथियार
वर्ल्ड कप 2015 में भारत और पाकिस्तान टीम के बीच मुकाबला अब तक का सबसे रोचक मुकाबला माना जा रहा है। मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर की गैरमौजूदगी में टीम इंडिया वर्ल्ड कप में पहली मर्तबा पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेलने उतरेगी।
इस टूर्नामेंट में भारतीय बल्लेबाज और गेंदबाजों का पिछले कुछ मैचों से निराशाजनक प्रदर्शन जारी है। ऐसे में भारत के लिए रविवार को होने वाला यह मुकाबला काफी रोचक हो गया है।
वहीं, दूसरी ओर मिसबाह उल हक की कप्तानी में पाक टीम फॉर्म में चल रही है। पाकिस्तान ने अपने दोनों वॉर्मअप मैचों में जीत हासिल की है। इसके अलावा पाक टीम के पास एक खास हथियार है जिससे भारतीय बल्लेबाजी क्रम खतरे में पड़ सकता है।
दरअसल, पाक टीम में सात फुट लंबे तेज गेंदबाज इरफान खान बाउंसर डालने में उस्ताद माने जाते है। उनकी घातक गेंदबाजी पिछले कुछ मैचों में दिख चुकी है। पाक टीम के लिए इरफान तुरप का इक्का साबित हो सकते है।
तो क्या टीम इंडिया के पास है इसका तोड़
टीम इंडिया के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इरफान खान की घातक गेंदबाजी से भली-भांति वाकिफ है। इसलिए रविवार को होने वाले मैच से पहले गुरुवार को भारतीय बल्लेबाजों ने नेट पर काफी पसीना बहाया।
गुरुवार को टीम के दोनों सलामी बल्लेबाजों शिखर धवन और रोहित शर्मा ने नेट पर करीब 2 घंटे जमकर पसीना बहाया। नेट पर उन्होंने बांउसर गेंदों की प्रैक्टिस की।