दिल्ली के तमाम सरकारी स्कूलों में जल्द ही बच्चों को यह संकल्प लेना होगा कि वे महिलाओं का आदर और सम्मान करेंगे। दिल्ली सरकार ने सुप्रीम कोर्ट से कहा है कि जल्द ही यह व्यवस्था सरकारी स्कूलों में शुरू होने जा रही है।
बच्चे को अब सुनाना और रटना होगा, ‘...मैं, प्रण करता हूं कि मैं हमेशा महिलाओं का आदर और सम्मान करूंगा। महिलाओं के साथ आक्रामक बर्ताव से खुद को हमेशा दूर रखूंगा। मैं समाज और स्कूल में महिलाओं के सम्मान और मान-मर्यादा का पूरा ख्याल रखूंगा।
मैं प्रण करता हूं कि महिलाओं के साथ होने वाले लैंगिंक भेदभाव का विरोध करूंगा। जब कभी भी मैं महिला को परेशानी में देखूंगा तो उसकी तत्काल हरसंभव मदद करूंगा।’ दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय ने इस संकल्प को स्कूल डायरी में शामिल करने का निर्णय लिया है।
शिक्षा निदेशालय ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल कर यह जानकारी दी है। हलफनामे के मुताबिक, स्कूली बच्चों को रोजाना यह संकल्प लेना होगा। सरकार का कहना है कि बच्चों में महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना जगे, इस कारण ही ऐसा किया जा रहा है। प्रयास है कि बच्चों का लैंगिंग भेदभाव से बचाया जा सके।