रणजी में सबसे ज्यादा शिकार (351) करने वाले टीम इंडिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज नमन ओझा ने सोमवार को क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास का एलान कर दिया। भारत के लिए एक टेस्ट, एक वन-डे और दो टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले ओझा ने मध्यप्रदेश के लिए करीब 20 सालतक घरेलू क्रिकेट खेला है। कई वर्षों तक उन्होंने टीम की कमान भी संभाली है।
ओझा ने श्रीलंका के खिलाफ 2010 में वन-डे डेब्यू किया था। इसी साल उन्हें भारत के लिए दो टी-20 मैच खेलने का मौका भी मिला था। वहीं, श्रीलंका के खिलाफ ही 2015 में उन्होंने टेस्ट डेब्यू भी किया था। ओझा ने 146 प्रथम श्रेणी मैचों में 41.67 की औसत से 9753 रन बनाए हैं।
इस दौरान उनका बेस्ट 219* रहा है। वहीं उन्होंने 143 लिस्ट ए के मैचों में 32.65 की औसत से कुल 4278 रन बनाए हैं।इसके अलावा इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने आईपीएल में भी कई टीमों की तरफ से खेला है। आईपीएल में उन्होंने 113 मैचों में 20.72 की औसत से 1554 रन (छह अर्धशतक) बनाए हैं। इस दौरान उनका बेस्ट 94* रहा है। बता दें कि नमन रणजी ट्रॉफी में कुल 351 शिकार किए हैं।