भारतीय रेलवे को देश की लाइफ लाइन कहा जाता है। लेकिन आए दिन रेल यात्रियों द्वारा रेलवे की सुविधाओं और सुरक्षा पर सवाल खड़े किए जाते हैं। इसे देखते हुए ट्रेनों, रेलवे स्टेशन और यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए रेलवे कई महत्वपूर्ण कदम उठा रहा है।
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, भारतीय रेलवे जीआरपी के साथ मिलकर यात्रियों की सुरक्षा के लिए स्टेशन पर और ट्रेनों में कई महत्वपूर्ण कदम उठा रहा है। इनमें जिन भी रूटों पर यात्रियों के साथ ज्यादा घटनाएं होती हैं उन ट्रेनों में आरपीएफ और विभिन्न राज्यों की जीआरपी की गश्त को बढ़ा दिया गया है ताकि यात्रियों के साथ कोई अप्रिय घटना न हों।
इसके अलावा सफर में यात्रियों को होने वाली असुविधा को दूर करने के लिए भारतीय रेलवे इन दिनों सोशल मीडिया प्लेटफार्म जैसे फेसबुक और ट्विटर पर काफी सक्रिय है। इनके जरिए रेलवे यात्रियों के साथ निरंतर संपर्क में रहता है और यात्रियों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम भी उठा रहा है। वहीं, रेलवे ने यात्रियों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर 139 भी जारी किया है जो 24 घंटे काम करता है। यात्री सफर में किसी भी तरह की परेशानी महसूस करता है तो वह इस नंबर पर फोन कर ट्रेन में ही तत्काल सुरक्षा संबंधी मदद पा सकता है।
अनाउंसमेंट से लोगों को किया जा रहा है जागरूक
भारतीय रेलवे के अनुसार, रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा को देखते हुए विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती की गई है। चरणबद्ध तरीके से देश के हर प्रमुख रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा योजना योजना को लागू किया जा रहा है। ताकि सभी सुरक्षा एजेंसियों में आपसी तालमेल बना रहे और निगरानी में सुधार हो सके।
रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए रेलवे पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए हर महत्वपूर्ण सूचना पहुंचाने का काम कर रहा है। इसके माध्यम से लगातार यात्रियों को चोरी, स्नैचिंग और ड्रगिंग आदि के प्रति सावधानी बरतने के लिए अनाउंसमेंट कर जागरूक किया जा रहा है। स्टेशन पर यात्री सुरक्षा को देखते हुए 202 रेलवे स्टेशनों पर क्लोज सर्किट टेलीविजन कैमरा नेटवर्क स्थापित किए जाएंगे। रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा के लिए अब तक करीब 2931 कोच और 668 रेलवे स्टेशन पर सीसीटीवी कैमरे इंस्टॉल किए हैं।
रेल यात्रियों की सुरक्षा के लिए रेलवे की बिल्डिंग और ट्रेन में रैंडम चेकिंग के साथ ही ट्रेनों और रेलवे परिसर में अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश के खिलाफ भी अभियान चलाया जा रहा है।
गौरतलब है कि बजट 2021 में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भारतीय रेल के लिए कई बड़ी घोषणाएं की हैं। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए भी कई प्रावधान किए गए हैं। बजट में भारतीय रेल के लिए 1,10,055 करोड़ का प्रावधान किया गया है। इनमें से पूंजीगत व्यय के लिए 1,07,100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।