मोहाली में खेले गए 'करो या मरो' मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत को 115 रनों का लक्ष्य दिया जवाब में मेजबान टीम ने काफी संघर्ष किया लेकिन उसे हार मिली। मैच में हार के साथ ही भारतीय महिला टीम की चुनौती वर्ल्ड कप से खत्म हो गई। भारत 20 ओवर में 9 विकेट पर 111 रन ही बना सकी। इससे पहले विंडीज टीम ने इतने ही ओवर में 8 विकेट पर 114 रन बनाए थे।
पहले बल्लेबाजी करते हुए कैरेबियाई टीम की शुरुआत भारतीय गेंदबाजों के अनुकूल रही और महज 26 रनों के भीतर भारत को 3 सफलताएं मिली। हालांकि इसके बाद चौथी सफलता के लिए भारत को काफी इंतजार करना पड़ा। 103 पर चौथा विकेट हासिल करने के बाद भारतीय गेंदबाजों ने वापसी की और 11 रनों के भीतर 5 विकेट झटक लिए।
दूसरी ओर, लगातार विकेट गंवाने के बावजूद कैरेबियाई बल्लेबाज स्कोर सम्मानजनक पहुंचा चुकी थीं। टीम की कप्तान स्टेफनी टेलर ने 47 रन बनाए। उनके बाद डीनद्रा डोटिन ने 45 रन ठोंके। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 77 रनों की अर्धशतकीय साझेदारी भी हुई।