153 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत बेहद खराब रही। ओपनर रोहित शर्मा (11) और शिखर धवन (8) जल्दी-जल्दी पवेलियन लौटे। दोनों को अकिला धनंजय ने अपना शिकार बनाया।
ओपनर्स के जल्दी आउट होने के बाद सुरेश रैना (27) और केएल राहुल ने भारतीय पारी को न सिर्फ संभाला बल्कि तेजी से 40 रन की साझेदारी की। 15 गेंदों में दो चौके और इतने ही छक्को की मदद से 27 रन बनाने वाले रैना को प्रदीप ने परेरा के हाथों कैच आउट कराकर इस साझेदारी को तोड़ा।
इसके बाद केएल राहुल (18) ने मनीष पांडे के साथ चौथे विकेट के लिए 23 रन जोड़े। राहुल भाग्यशाली रहे कि 10वें ओवर की चौथी गेंद पर रनआउट होने से बचे, लेकिन अगली ही गेंद पर हिटविकेट आउट होकर श्रीलंका को अपना विकेट गिफ्ट कर आए।
इसके बाद मनीष पांडे और दिनेश कार्तिक ने कोई और नुकसान नहीं होने दिया और 68 रन की साझेदारी करके टीम इंडिया को आसान जीत दिलाई। श्रीलंका की तरफ से अकिला धनंजय ने दो जबकि जीवन मेंडिस और नुवान प्रदीप को एक-एक सफलता मिली।
इससे पहले श्रीलंका ने निर्धारित 19 ओवर में 9 विकेट खोकर 152 रन बनाए। श्रीलंका के लिए कुसल मेंडिस सर्वश्रेष्ठ स्कोरर रहे, जिन्होंने 38 गेंदों में तीन चौको और तीन छक्को की मदद से 55 रन बनाए। टीम इंडिया की तरफ से शार्दुल ठाकुर ने कमाल की गेंदबाजी की। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने चार ओवर में 27 रन देकर चार विकेट चटकाए।
श्रीलंका को दनुश्का गुनाथिलाका (17) के रूप में पहला झटका लगा, जिन्हें ठाकुर ने शिकार बनाया। रैना ने शॉर्ट मिडविकेट पर गुनाथिलाका का दर्शनीय कैच लपका। इसके बाद वॉशिंगटन सुंदर ने कुसल परेरा (3) को क्लीन बोल्ड किया। सुंदर ने मौजूदा सीरीज में दूसरी बार परेरा का शिकार किया।
यहां से कुसल मेंडिस और उपुल थरंगा (22) ने तीसरे विकेट के लिए 62 रन जोड़ते हुए श्रीलंका को मजबूत किया। विजय शंकर ने थरंगा को क्लीन बोल्ड करके इस साझेदारी को तोड़ा। शंकर के विकेट लेने को जश्न को थिसारा परेरा ने आते ही बिगाड़ दिया। उन्होंने अगली दो गेंदों पर बैक तो बैक छक्के जमाए।
इसके बाद थिसारा परेरा (15) ने ठाकुर की गेंद पर हवाई शॉट खेला, लेकिन वह अच्छा टाइमिंग नहीं कर सके। चहल ने शॉर्ट मिडविकेट पर उनका अच्छा कैच लिया। वॉशिंगटन सुंदर ने फिर जीवन मेंडिस (1) को क्लीन बोल्ड करके मैच में अपना दूसरा शिकार किया। जल्द ही चहल ने कुसल मेंडिस की पारी का अंत किया। इसके बाद दासुन शनाका ने अकिला धनंजय (5) के साथ 26 रन जोड़ते हुए श्रीलंका को 150 रन के करीब पहुंचाया।
जयदेव उनाडकट ने अकिला को लांग ऑन पर राहुल के हाथों कैच आउट कराकर अपना पहला विकेट लिया। अंतिम ओवर में ठाकुर ने दासुन शनाका (19) को विकेटकीपर कार्तिक के हाथों कैच आउट कराकर तीसरा विकेट लिया। अगली गेंद पर ठाकुर ने सुरंगा लकमल (4) को जयदेव उनाडकट के हाथों कैच आउट कराया। टीम इंडिया की तरफ से शार्दुल ठाकुर ने सर्वाधिक 4 विकेट लिए। इसके अलावा वॉशिंगटन सुंदर ने दो जबकि युजवेंद्र चहल और विजय शंकर को एक-एक विकेट मिला।