बिना खेले सेमीफाइनल में पहुंचीं दोनों टीमें
नागोया पहुंचने के बाद से भारी बारिश के कारण भारतीय टीम को ज्यादा अभ्यास करने का मौका नहीं मिला है। सेमीफाइनल से ठीक पहले आसमान साफ हुआ है। गुरुवार और शुक्रवार को भी मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है, लेकिन फाइनल के दिन यानि शनिवार को बारिश आ सकती है। बारिश के कारण चारों क्वार्टर फाइनल मैच रद्द करने पड़े थे और आईसीसी रैंकिंग में बेहतर स्थान रखने वाली टीम ने सेमीफाइनल में जगह बनाई थी।
असल में सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चारों टीमें अभी तक प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले पाई हैं। लगातार दो बार के टी20 विश्व कप विजेता भारत स्वर्ण पदक का प्रबल दावेदार है और अगर मौसम ने साथ दिया तो श्रेयस अय्यर की अगुआई वाली टीम को यह मैच जीतने में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए, क्योंकि श्रीलंका अपनी सर्वश्रेष्ठ टीम के साथ नहीं उतरी है। लीग के मैचों में कम स्कोर बने और बारिश के कारण पिच के धीमा होने की संभावना है।
भारतीय टीम
- फोटो : BCCI
भारत को नहीं मिला अभ्यास का मौका
भारत 20 सितंबर को जापान पहुंचा था और तब से उसे टोक्यो के पास जापान के खिलाफ मैच खेलने का मौका मिला जो पांच पांच ओवर का था। बारिश के कारण अफगानिस्तान के खिलाफ रद्द किए गए क्वार्टर फाइनल से पहले अय्यर ने स्वीकार किया था कि खराब मौसम के कारण टीम को अभ्यास करने का मौका नहीं मिला है, लेकिन इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पेशेवर होने के नाते किसी तरह का बहाना नहीं बनाया जा सकता है।
श्रेयस अय्यर
- फोटो : BCCI
बारिश की भेंट चढ़ा सेमीफाइनल तो किसे फायदा?
अगर सेमीफाइनल भी बारिश के कारण रद्द हो जाता है, तो आईसीसी रैंकिंग में पहले स्थान पर होने के आधार पर भारत फाइनल में पहुंच जाएगा। श्रीलंका नौवें स्थान पर है, जबकि पाकिस्तान छठे और बांग्लादेश आठवें स्थान पर हैं। यदि दूसरा सेमीफाइनल भी बारिश से प्रभावित होता है, तो पाकिस्तान अपनी बेहतर रैंकिंग के आधार पर आगे बढ़ जाएगा। अगर तीन अक्तूबर को होने वाले फाइनल में मौसम खेल में बाधा डालता है और मैच नहीं हो पाता है तो दोनों टीम को स्वर्ण पदक मिलेगा।
वैभव पर फिर नजर
भारत ने जापान के खिलाफ एकमात्र टी20 मैच के लिए बुमराह को आराम दिया था और अर्शदीप सिंह और यश ठाकुर को तेज गेंदबाज़ों के तौर पर और रवि बिश्नोई, अक्षर पटेल और वाशिंगटन को मुख्य स्पिनरों के तौर पर खिलाया था। अब भारत को यह तय करना होगा कि बुमराह के लिए किसे बाहर रखा जाए। दूसरा सवाल यह होगा कि क्या वैभव सूर्यवंशी को खेलने का मौका दिया जाए। हालांकि अभिषेक शर्मा या संजू सैमसन को बाहर करने का कोई कारण नहीं है। श्रीलंका से उम्मीद है कि वह कुछ खिलाड़ियों को डेब्यू का मौका देगा और कुछ कम अनुभवी खिलाड़ियों को खेलने का समय देगा।
इस मैच के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11:
भारत: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, यश ठाकुर/अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह।
श्रीलंका: निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), लसिथ क्रूसपुले, साहन अराचिगे (कप्तान), नुवानिदु फर्नांडो, आशिन बंडारा, चमिका करुणारत्ने, थारिंदु रत्नायके, वानुजा साहन, विजयकांत वियासकांत, नुवान तुषारा, बिनुरा फर्नांडो।
आइए जानते हैं इस मैच से जुड़ी लाइव स्ट्रीमिंग के बारे में सभी जानकारी...
भारत और श्रीलंका के बीच एशियन गेम्स का सेमीफाइनल मुकाबला कब खेला जाएगा?
भारत और श्रीलंका के बीच एशियन गेम्स का सेमीफाइनल मुकाबला 01 अक्तूबर को खेला जाएगा।
भारत और श्रीलंका के बीच एशियन गेम्स का सेमीफाइनल मुकाबला कहां खेला जाएगा?
भारत और श्रीलंका के बीच एशियन गेम्स का सेमीफाइनल मुकाबला निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेला जाएगा।
भारत और श्रीलंका के बीच एशियन गेम्स का सेमीफाइनल मुकाबला कितने बजे शुरू होगा?
भारत और श्रीलंका के बीच एशियन गेम्स का सेमीफाइनल मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 10:30 बजे शुरू होगा। टॉस इससे आधा घंटा पहले यानी सुबह 10 बजे होगा।
भारत और श्रीलंका के बीच एशियन गेम्स का सेमीफाइनल मुकाबला कहां देख सकेंगे?
एशियन गेम्स का प्रसारण अधिकार सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास है। यह मुकाबला सोनी स्पोर्ट्स के चैनलों पर देखा जा सकेगा। दर्शक इस मुकाबले से जुड़ी लाइव अपडेट्स
Amarujala.com पर भी पढ़ सकते हैं।